Chitrakoot News: श्रद्धालुओं से भरी कार पलटी, नौ यात्री हुए जख्मी; हत्यारोपित की जमानत अर्जी निरस्त
राजस्थान जयपुर से श्रद्धालुओं के जत्था छह दिन पहले बस से चित्रकूट दर्शन करने आया था। बताते हैं कि यहां पर एक होटल में ठहरा है। सोमवार को कुछ लोग चित्रकूट से कार किराए पर लेकर बनारस भगवान विश्वनाथ के दर्शन के लिए गए थे।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र में बेकाबू कार (बोलेरो) हाईवे किनारे खड़े थ्रेसर टकरा कर पलट गई, जिसमें सवार नौ तीर्थयात्री जख्मी हो गए। सभी लोग बनारस भगवान विश्वनाथ के दर्शन करने गए थे। लौटते समय चालक को झपकी लगने से हादसा हुआ। घटना के बाद चालक फरार हो गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजस्थान जयपुर से श्रद्धालुओं के जत्था छह दिन पहले बस से चित्रकूट दर्शन करने आया था। बताते हैं कि यहां पर एक होटल में ठहरा है। सोमवार को कुछ लोग चित्रकूट से कार किराए पर लेकर बनारस भगवान विश्वनाथ के दर्शन के लिए गए थे। सभी लोग मंगलवार की सुबह करीब चार बजे लौट रहे थे। जैसे ही मऊ थाना के अहरी गांव में पहुंचे तो चालक को झपकी लग गई।
बोलेरो अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग -35 से करीब 25 मीटर नीचे पटरी में जाकर थ्रेसर से टकराकर पलट गई। तीर्थ यात्रियों में चीख पुकार मच गई। 72 वर्षीय कंचन , 53 वर्षीय निर्मला, 55 वर्षीय आशा देवी व 50 वर्षीय संध्या को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि अन्य पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घायल संध्या ने बताया कि चालक को बार बार मना कर रहे थे कि आराम से गाड़ी चलाओ। मऊ कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चालक घटना के बाद भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
किसान के हत्यारोपित का जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त
चित्रकूट। हत्या के मामले में आरोपित के जमानत प्रार्थना पत्र को सत्र न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। न्यायालय ने माना है कि आरोपित नामजद है और मामला गंभीर है। जिला शासकीय अधिवक्ता श्यामसुंदर मिश्र ने बताया कि हत्या की यह घटना सरधुआ थाना के दरसेड़ा गांव में एक जून को हुई थी। जिसके नामजद आरोपित निर्मल मिश्रा ने जमानत प्रार्थना पत्र न्यायालय सत्र न्यायाधीश की अदालत में डाला था। जिसको प्रभारी सत्र न्यायाधीश शाहिद रजा ने निरस्त कर दिया है।