विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधार वेरिफिकेशन ना कराने पर चित्रकूट के 48000 ग्राहकों को नहीं मिलेगी रसोई गैस की सब्सिडी, महंगे दाम पर मिलेगा सिलिंडर

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:01 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 06:09 PM (IST)

चित्रकूट में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। लगभग 48,000 उपभोक्ताओं ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 30 सितंबर, सब्सिडी के लिए अनिवार्य।

  2. चित्रकूट में 48 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराया सत्यापन।

  3. सत्यापन न होने पर घरेलू गैस सिलिंडर बाजार दर पर मिलेगा।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की समयसीमा अब नजदीक है। 30 सितंबर तक आधार सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसे में उन्हें घरेलू गैस सिलिंडर बाजार दर पर खरीदना पड़ सकता है। जिले में करीब 48 हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इससे इन उपभोक्ताओं पर महंगे सिलिंडर का भार पड़ने की स्थिति बन सकती है। इससे पहले ई-केवाईसी कराने के लिए 30 अगस्त तक का समय दिया गया था।

जिले में इंडेन, बीपीसीएल और एचपीसीएल के कुल एक लाख 90 हजार 915 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें एक लाख 29 हजार 915 उज्ज्वला और करीब 61 हजार सामान्य कनेक्शन हैं। विभागीय स्तर पर लगातार आधार सत्यापन कराने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन करीब 48 हजार उपभोक्ता अभी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।

अभी 1012.50 रुपये में मिल रहा 14 किलो का सिलिंडर

मां शारदा एचपी गैस एजेंसी के संचालक नवीन कुमार मिश्रा के मुताबिक वर्तमान में 14 किलो का घरेलू गैस सिलिंडर सब्सिडी रेट पर 1012.50 रुपये में मिल रहा है। आधार सत्यापन नहीं होने पर उपभोक्ता को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और सिलिंडर बाजार दर पर लेना पड़ सकता है। हालांकि 30 सितंबर के बाद ऐसे उपभोक्ताओं को सिलिंडर किस दर पर मिलेगा, इस संबंध में वितरक कंपनियों की ओर से अभी कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं आई है।

एजेंसी पर जाकर करा सकते हैं सत्यापन

चित्रकूट गैस सर्विस के संचालक राम बहोरी के मुताबिक उपभोक्ता आधार कार्ड, गैस पासबुक, पंजीकृत मोबाइल नंबर और मोबाइल फोन लेकर गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं।

यह भी पढ़ें- बांदा के 37534 लोगों को नहीं मिलेगा PM किसान सम्मान निधि का लाभ, ये छोटा अपडेट बना मुसीबत

एजेंसी पर बनाए गए काउंटर में कंप्यूटर आपरेटर की मदद से बायोमीट्रिक मशीन पर अंगुलियों के निशान देकर ई-केवाईसी कराई जा सकती है। गैस वितरक कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से भी उपभोक्ता स्वयं ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

विवरण (Details) संख्या / जानकारी (Value)
कुल घरेलू गैस कनेक्शन 1,90,915
उज्ज्वला कनेक्शन 1,29,915
सामान्य कनेक्शन करीब 61,000
ई-केवाईसी (e-KYC) बाकी करीब 48,000
ई-केवाईसी की अंतिम तारीख 30 सितंबर
14 किलो सिलिंडर का वर्तमान सब्सिडी रेट 1012.50 रुपये

अधिकारी ने कहा

जिन उपभोक्ताओं ने किसी कारण से अब तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, वे 30 सितंबर से पहले ई-केवाईसी जरूर करा लें। इससे उन्हें सब्सिडी का लाभ मिलता रहेगा और महंगे रेट पर सिलिंडर खरीदने की स्थिति से बचा जा सकेगा। -कमल नयन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी