भादो अमावस्या मेला: चित्रकूट में सड़क किनारे नहीं सोएंगे श्रद्धालु, ठहरने के लिए प्रशासन करेगा खास इंतजाम
प्रशासन ने भादो अमावस्या मेले के लिए चित्रकूट में पांच अस्थायी रैन बसेरे बनाने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालु सड़क किनारे न सोएं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
भादो अमावस्या मेले में पांच अस्थायी रैन बसेरे बनेंगे।
श्रद्धालुओं को सड़क किनारे सोने से रोका जाएगा।
प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं होंगी।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। भाद्रपद (भादो) मास की अमावस्या पर आने वाले श्रद्धालुओं को सड़क किनारे रात गुजारने से रोकने के लिए प्रशासन पांच अस्थायी रैन बसेरे बनाएगा। 11 सितंबर को होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने अधिकारियों को कम समय को देखते हुए रैन बसेरों समेत सभी व्यवस्थाएं तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए। भरथौल और संग्रामपुर सहित चिह्नित स्थानों पर खंड विकास अधिकारी तीन, जबकि नगर पालिका दो रैन बसेरे बनाएगी।
सभी रैन बसेरों में प्रकाश, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे तथा एक कर्मचारी की तैनाती की जाए। बाहर स्पष्ट बैनर लगाकर स्थान, क्षमता और तैनात कर्मचारी का मोबाइल नंबर अंकित किया जाए। जल संस्थान पर्याप्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराएगा।
प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। खोही, रामसैया, रामघाट और बेड़ी पुलिया पर खोया-पाया केंद्र संचालित होंगे। पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रहेगी। सड़क किनारे किसी को सोने नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में 69 साल पुराने बरुआ नदी सेतु की जगह 14.73 करोड़ से बनेगा नया पुल, 90 मीटर होगी लंबाई
पार्किंग में जरूरत के अनुसार रैंप और जलभराव वाले स्थानों पर बालू डलवाई जाएगी। मोबाइल टायलेट की व्यवस्था के साथ सभी सार्वजनिक शौचालय खुले और साफ रखे जाएंगे। शहर, रेलवे स्टेशन और परिक्रमा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलेगा।
परिक्रमा मार्ग पर निर्माण कार्य का मलबा तत्काल हटाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं को नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैक्टर-ट्राली से सवारी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अग्निशमन विभाग अलर्ट रहेगा और परिक्रमा मार्ग पर छोटे गैस सिलेंडरों के उपयोग, गुटखा-पान की बिक्री व सेवन पर रोक रहेगी। रामघाट पर नौका संचालन, बैरिकेड और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सिंचाई विभाग करेगा। यूपीटीयू बसों के संचालन व पार्किंग की व्यवस्था होगी और निर्धारित किराया सूची चस्पा की जाएगी। एसपी अरुण कुमार सिंह, नपा अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, सीडीओ डीपी पाल, रहे।
