मुठभेड़ में बच भागा बबुली, 50 हजार का इनामी जंगलिया बंदी
संवाद सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) : उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आतंक का पर्याय बना पांच ल
संवाद सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) : उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आतंक का पर्याय बना पांच लाख रुपये का इनामी डकैत बबुली कोल पुलिस से मुठभेड़ के दौरान बच निकला। मारकुंडी क्षेत्र में रविवार शाम कल्याणपुर के घने जंगल में पुलिस और बबुली गैंग का आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से एक घंटे तक फाय¨रग होती रही। बबुली गैंग के सदस्यों के साथ भागा, लेकिन इस दौरान 50 हजार रुपये के इनामी जंगलिया उर्फ पंजाबी को पुलिस ने दबोच लिया। उसके कब्जे से 315 बोर की रायफल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा को दोपहर करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कल्याणपुर के जंगल में बबुली कोल साथियों के साथ मौजूद है। उन्होंने तत्काल मारकुंडी, मानिकपुर थाना पुलिस व एंटी डकैती टीम को अलर्ट कर दिया। भारी फोर्स के साथ जंगल की घेराबंदी शुरू कर दी। थोड़ी देर में डकैत बबुली अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ दिखाई पड़ा। पुलिस कुछ करती, इससे पहले ही डकैतों ने पुलिस बल को देखते ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी फाय¨रग की। सैकड़ों राउंड चली गोलियों की गूंज से जंगल थर्रा उठा। पुलिस को भारी पड़ता देख डकैत भागने लगे। इस दौरान पीछे छूटे एक डकैत को पुलिस ने मजबूत घेराबंदी कर दबोच लिया। डकैत ने अपना नाम जंगलिया उर्फ पंजाबी निवासी नागर, मानिकपुर, चित्रकूट बताया। एसपी ने बताया कि इनामी डकैत जंगलिया ददुआ के समय से ही जंगल में सक्रिय है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ हत्या, लूट व डकैती के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।