दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग का इनामी डकैत दबोचा
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश नया गांव पुलिस ने मंगलवार सुबह बीहड
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश नया गांव पुलिस ने मंगलवार सुबह बीहड़ में सक्रिय दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग के इनामी डकैत को चित्रकूट-सतना रोड से गिरफ्तार कर लिया। दस हजार रुपये के इनामी डकैत के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। उस पर अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नया गांव थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि सुबह सटीक सूचना पर खीरी, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना निवासी डकैत र¨वद्र धोबी को गुप्त गोदावरी के पास घेरकर दबोच लिया गया। थानाक्षेत्र के शेजवार गांव निवासी बहन से मिलकर पत्नी के साथ लौटते समय पुलिस को यह सफलता मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। दस्यु सुंदरी गैंग को लेकर अहम सुराग मिले हैं। दूसरे गिरोहों की गतिविधियां भी पता चली हैं।
डकैत नवल का है साला, शिक्षकों को किया था अगवा
गिरफ्तार डकैत बीहड़ के खूंखार डकैत व वर्तमान में जेल में बंद नवल धोबी का साला है। नवंबर 2017 में गैंग ने नया गांव क्षेत्र के थर पहाड़ से दो शिक्षकों का अपहरण कर सनसनी फैला दी थी। शिक्षक तीन लाख रुपये फिरौती देकर छूट पाए थे। अप्रैल 2018 में सरगना नवल को पुलिस ने सतना न्यायालय में आत्मसमर्पण की कोशिश से पहले दबोच लिया था।
साधना के साथ की कई वारदातें
नवल धोबी के जेल जाने के बाद दस्यु सुंदरी साधना पटेल के हाथ में गैंग की कमान आ गई। इसके बाद शातिर र¨वद्र ने साधना के साथ सितंबर 2018 में टेड़ी गांव से एक युवक का अपहरण किया था। इस घटना के बाद से वह गायब था। करीब छह माह पहले दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग की सक्रियता बढ़ने पर वह फिर साथ आ गया था।