धर्म नगरी चित्रकूट पहुंची अटल जी की अस्थि कलश यात्रा, बारिश के बीच लोगों ने की पुष्प वर्षा
रसिन मोड़ से यात्रा के प्रवेश करते ही पुष्पांजलि अर्पित करने को उमड़े लोग, अटल जी अमर रहें के नारे लगाए।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : धर्मनगरी चित्रकूट में रसिन मोड़ पर अटल जी की अस्थि कलश यात्रा का प्रवेश होते ही पुष्प अर्पित करने को बारिश के बीच लोग उमड़ पड़े। भरतकूप के पास यात्रा रथ के साथ कई वाहन चलते रहे। लोगों ने पुष्प वर्षा कर अटल जी अमर रहें के नारे लगाए। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री धुन्नी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित किए। बांदा से धर्मनगरी चित्रकूट तक कलश यात्रा के साथ सासद भैरो प्रसाद मिश्र चल रहे हैं। सदर विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रिका उपाध्याय, विधायक आरके सिंह पटेल , आनन्द शुक्ल, अशोक जाटव समेत कई भाजपा नेताओं की अगुवाई में लोग भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई जी की अस्थि कलश यात्रा पर जगह जगह पुष्पांजलि अर्पित करने को मौजूद हैं। शाम करीब साढ़े पाच बजे मंदाकिनी के घाट पर अस्थि कलश का विसर्जन होगा। यहा भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले बांदा में कलश यात्रा पहुंचने पर भाजपाई जगह-जगह श्रद्धांजलि अर्पित करने को खड़े रहे। कलश यात्रा जैसे नगर में प्रवेश की लोगों ने पुष्प वर्ष की और अटल जी अमर रहें के नारे लगाते रहे। इस दौरान पुलिस-प्रशासन ने भी यातयात व्यवस्था व सुरक्षा के इंतजाम पहले से ही कर रखे थे। रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण यातायात का दबाव अधिक रहा, जिसे पुलिस कर्मी व्यवस्थित कराते रहे। यात्रा आने पर छोटे मार्गो पर वाहनों को देर के लिए रोक दिया गया। इस दौरान भाजपाइयों ने जगह-जगह पंडाल लगाए थे और अस्थि कलश यात्रा आने पर पुष्प अर्पित किए।