सशस्त्र लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पीटा
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : रैपुरा थाना क्षेत्र के राम नगर छीबों मार्ग पर मंगलवार देर रात
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : रैपुरा थाना क्षेत्र के राम नगर छीबों मार्ग पर मंगलवार देर रात आधा दर्जन सशस्त्र लोगों ने ट्रैक्टर चालक को जमकर पीटा। वह देवी प्रतिमा राजापुर पहुंचाने के बाद घर लौट रहा था तभी घटना हुई। पीड़ित ने दहशत के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी है।
रामनगर निवासी विकास कुमार पुत्र रामदास मिश्रा ट्रैक्टर चलाते हैं। बताते हैं कि मंगलवार को वह राम नगर से दुर्गा प्रतिमा लेकर राजापुर गया था। दुर्गा प्रतिमा को राजापुर में छोड़कर घर लौटने लगा। इसी बीच देर रात छीबों राम नगर संपर्क मार्ग में नोनवाई गांव तालाब के पास आधा दर्जन सशस्त्र लोगों ने असलहे दिखा कर ट्रैक्टर को रोक लिया। पीड़ित ने बताया कि लोगों ने पहले ट्रैक्टर मालिक का नाम पूछा फिर नीचे उतार कर पीटना शुरू कर दिया। बंदूक की बटों से मारा पीटा। इससे वह लहूलुहान हो गया। साथ में ट्रैक्टर न चलाने की हिदायत व पुलिस से बताने पर फिर मारने की धमकी देकर चले गए। उसी समय यूपी-100 पुलिस टीम को सूचना दी तो थाने से जीप में फोर्स आ गया। तब तक आरोपित भाग निकले। पुलिस ने आसपास पड़ताल की पर कोई मिला नहीं। प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र चौरसिया ने बताया कि विकास के साथ कुछ लोगों के मारपीट करने की सूचना पर रात में फोर्स भेजा गया था लेकिन अभी तक उसने कोई तहरीर नहीं दी है। जांच कर कार्रवाई होगी।