दस्यु बबुली कोल गैंग से मुठभेड़ में चित्रकूट पुलिस ने 50 हजार का इनामी दबोचा
दस्यु बबुली कोल गैंग से मुठभेड़ में चित्रकूट पुलिस ने 50 हजार का इनामी डाकू को दबोच लिया। उसके साथी जंगल की ओर भाग निकले।
चित्रकूट (जेएनएन)।उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में आतंक का पर्याय बना पांच लाख रुपये का इनामी डकैत बबुली कोल पुलिस से मुठभेड़ के दौरान बच निकला। मारकुंडी क्षेत्र में रविवार शाम कल्याणपुर के घने जंगल में पुलिस और बबुली गैंग का आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से एक घंटे तक फायङ्क्षरग होती रही। बबुली गैंग के सदस्यों के साथ भागा लेकिन, इस दौरान 50 हजार रुपये के इनामी जंगलिया उर्फ पंजाबी को पुलिस ने दबोच लिया। उसके कब्जे से 315 बोर की रायफल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बीते साल अगस्त माह में ही पांच लाख रुपये से अधिक के इनामी डकैत बबुली कोल के गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ में हुई थी। इसमें एक दारोगा जय प्रकाश सिंह को जान गंवानी पड़ी थी। एक अन्य को गोली लगी थी। मुठभेड़ में उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया था। यह मुठभेड़ माणिकपुर के निही चिरैया के जंगल में हुई थी।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा को दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि कल्याणपुर के जंगल में बबुली कोल साथियों के साथ मौजूद है। उन्होंने तत्काल मारकुंडी, मानिकपुर थाना पुलिस व एंटी डकैती टीम को अलर्ट कर दिया। भारी फोर्स के साथ जंगल की घेराबंदी शुरू कर दी। थोड़ी देर में डकैत बबुली अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ दिखाई पड़ा। पुलिस कुछ करती, इससे पहले ही डकैतों ने पुलिस बल को देखते ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी जवाबी फायङ्क्षरग की। सैकड़ों राउंड चली गोलियों की गूंज से जंगल थर्रा उठा। पुलिस को भारी पड़ता देख डकैत भागने लगे। इस दौरान पीछे छूटे एक डकैत को पुलिस ने मजबूत घेराबंदी कर दबोच लिया। डकैत ने अपना नाम जंगलिया उर्फ पंजाबी निवासी नागर, मानिकपुर, चित्रकूट बताया। एसपी ने बताया कि इनामी डकैत जंगलिया ददुआ के समय से ही जंगल में सक्रिय है। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ हत्या, लूट व डकैती के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए डाकू जंगलिया उर्फ पंजाबी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पंजाबी के पकड़े जाने से गिरोह को खत्म करने की दिशा में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की उम्मीद है।