सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
जागरण संवाददाता कमालपुर (चंदौली) धीना थाना के दुबौलिया गांव निवासी आशीष दुबे 30 वर्ष।
जागरण संवाददाता, कमालपुर (चंदौली) : धीना थाना के दुबौलिया गांव निवासी आशीष दुबे 30 वर्ष की रविवार की सुबह सोनभद्र के सुकृत गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक आशीष राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) में एक माइक्रोफाईनेंस कम्पनी में काम करते थे। रविवार की सुबह वे बाइक से कहीं जा रहे थे कि सुकृत गांव के समीप अज्ञात वाहन से धक्का लग गया। इससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम बलुआ गंगा घाट पर दाह संस्कार किया गया।
आशीष अपने माता, पिता की इकलौती संतान थे। उनकी दो बहनें है। आशीष का विवाह नहीं हुआ था। रविवार को उनका जन्म दिन था। मां जहां पुत्र की मौत से बेसुध हो गईं , वहीं बहनें शव से लिपटकर फफक कर रो पड़ी। बहनें भाई का जन्म दिन मनाने की तैयारी कर रहीं थीं, लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था। जन्म दिन के अवसर पर रामायण का पाठ भी आयोजित किया गया था। घटना से तैयारी गम में बदल गयी। गांव में मातम छाया रहा।