पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता चंदौली भाजपा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है।
जागरण संवाददाता, चंदौली : भाजपा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है। इसको लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने बुधवार को मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं संग बैठक की। इस दौरान त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जी-जान से जुटने का आह्वान किया। कोरोना काल में गरीबों की मदद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने पर कार्यकर्ताओं की सराहना की।
कहा वैश्विक महामारी के दौर में कार्यकर्ताओं की बदौलत पार्टी गरीबों व अहसायों की मदद में आगे रही। कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ राशन व जरूरी सामानों की व्यवस्था की, बल्कि जरूरतमंदों तक इसे पहुंचाने का भी काम किया। कार्यकर्ताओं का प्रयास सराहनीय रहा। अब पंचायत चुनाव में जुटने का समय है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों से लोगों को अवगत कराएं। पार्टी पदाधिकारियों की ओर से मंडल स्तर पर प्रवास के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा, प्रवास के दौरान लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं विहार कार्यक्रम को बूथ स्तर पर ले जाने की जरूरत है। ताकि पंचायत चुनाव के दौरान मजबूती के साथ पार्टी अपनी ताकत दिखा सके। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, शिव तपस्या पासवान, शशिशंकर सिंह, जैनेंद्र कुमार, शिवराज सिंह, आशुतोष सिंह, दिलीप सोनकर आदि मौजूद थे।