Move to Jagran APP

महिलाएं बना रही मास्क, पूरा कर रहीं डिमांड का टास्क

कोरोना से जंग में आधी आबादी कदम से कदम मिलाकर चल रही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सूती कपड़े का मास्क बनाने में जुटी हैं।

By JagranEdited By: Published: Sun, 22 Mar 2020 04:00 PM (IST)Updated: Sun, 22 Mar 2020 04:00 PM (IST)
महिलाएं बना रही मास्क, पूरा कर रहीं डिमांड का टास्क
महिलाएं बना रही मास्क, पूरा कर रहीं डिमांड का टास्क

जागरण संवाददाता, चंदौली : कोरोना से जंग में आधी आबादी कदम से कदम मिलाकर चल रही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सूती कपड़े का मास्क बनाने में जुटी हैं। निजी कंपनी की ओर से महिलाओं को एक लाख मास्क बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसकी सप्लाई जनपद के साथ प्रदेश व देश के अन्य हिस्सों में की जा रही है। ताकि मास्क की किल्लत से निजात मिले और कोरोना के वायरस को फैलने से रोका जा सके। जिला प्रशासन ने समूह की अन्य गरीब महिलाओं से भी मास्क का निर्माण कराने की योजना बनाई है।

prime article banner

कोरोना का खौफ इस कदर हावी है कि स्वस्थ्य लोग भी मास्क लगाकर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। इससे खासकर सूती कपड़े के मास्क की डिमांड अचानक बढ़ गई है। मेडिकल स्टोर से मास्क गायब है। वहीं जिन दुकानों पर है वहां सामान्य से चार गुना अधिक कीमत चुकाकर खरीदना पड़ रहा। स्थिति यह है कि 10 से 15 रुपये में बिकने वाला मास्क अब 50 रुपये देने पर भी नहीं मिल रहा। हालांकि चिकित्सकों की मानें तो स्वस्थ्य व्यक्ति के लिए मास्क की जरूरत नहीं है। मास्क संक्रमण को फैलने से रोक सकता है। मास्क की डिमांड को पूरा करने के लिए सरकार ने निजी कंपनियों को ठीका दे रखा है। निजी कंपनी इस कार्य में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की मदद ले रही है। इसके लिए सूती व जालीदार कपड़ा समेत अन्य संसाधन मुहैया कराए गए हैं। फिलहाल मुख्यालय के नेगुरा गेट के समीप स्थित स्वत: रोजगार कार्यालय में महिलाएं पूरी शिद्दत से मास्क बनाने में जुटी हैं। इसके बदले दो रुपये प्रति मास्क के हिसाब से भुगतान मिल रहा है। वहीं अधिक से अधिक मास्क बनाने की धुन भी है। ताकि लोगों को कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। अभी तक समूह की महिलाएं 20 हजार मास्क बना चुकी हैं। फिलहाल एक दर्जन महिलाएं मास्क बनाने में जुटी हैं। छह महिलाएं मशीन से सिलाई का काम कर रहीं। जबकि अन्य कपड़े की कटाई का काम करती हैं। धानापुर ब्लाक के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी मास्क निर्माण के कार्य में लगाया जाएगा।

---------

वर्जन :

'स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मास्क बना रही हैं। निजी कंपनी की ओर से एक लाख मास्क बनाने का कार्य सौंपा गया है। फिलहाल 20 हजार मास्क बनाकर कंपनी को आपूर्ति की जा चुकी है। अन्य समूहों की महिलाओं को भी इस कार्य में लगाया जाएगा। ताकि मास्क की किल्लत दूर कर कोरोना को फैलने से रोका जा सके।

एमपी चौबे, उपायुक्त स्वत: रोजगार।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.