जनपद के 135 स्वयंसेवकों को मिला राज्यपाल पुरस्कार
जागरण संवाददाता चंदौली मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज सभागार में सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने वाले स्काउट व गाइड के 135 स्वयंसेवकों को राज्यपाल पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जीवन में बेहतर इंसान बनने की सीख दी गई।
जागरण संवाददाता, चंदौली : मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज सभागार में सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने वाले स्काउट व गाइड के 135 स्वयंसेवकों को राज्यपाल पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जीवन में बेहतर इंसान बनने की सीख दी गई।
डीएम ने कहा जनपद के 135 स्वयंसेवकों को राज्यपाल पुरस्कार मिलना गर्व की बात है। छात्र-छात्राओं को भविष्य में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। स्काउट-गाइड जीवन में अनुशासन व संयम का पाठ पढ़ाने का काम करता है। वहीं छात्र-छात्राओं को जीवन के साथ ही समाज को भी संवारने का मौका मिलता है। सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षा के साथ ही बच्चों का सर्वांगीण विकास हो। स्काउट-गाइड से छात्र-छात्राओं को इसकी सीख मिलेगी। स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक प्रशासन की भी मदद करते हैं। बड़ा आयोजन, मेला, रेलवे स्टेशन व छठ पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों का सहयोग करने में अहम भूमिका अदा करते हैं। पौधारोपण व यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी उनका योगदान सराहनीय होता है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर दिया। कहा सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर विशेष जोर दे रही है। लेकिन आमजन के सहयोग के बिना सरकार की मुहिम सफल नहीं हो सकती। इसके लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड के सदस्य डा. हरेंद्र राय ने कहा स्काउट-गाइड से जीवन में कठिन से कठिन काम को भी पूरा करने की प्रेरणा मिलती है। स्काउट स्वंयसेवकों की मदद से खुले में शौचमुक्त के लिए जागरूक किया जा सकता है। डीआइओएस डा. विनोद कुमार राय, जिला आयुक्त डा. रामचंद्र शुक्ला, डा. एसके लाल, रविद्र कौर, सत्यमूर्ति ओझा, वीरेंद्र कुमार सिंह, कुमारी अंजू, पूनम सिंह, जेपी रावत, जितेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे।