विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीडीडीयू जंक्‍शन से पहले पेंटो फंसने से डेढ़ घंटे रुकी वंदे भारत, ओएचई तार क्षतिग्रस्त

By Vivek Kumar Dubey Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 20 Sep 2026 05:57 PM (IST)

रांची से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पीडीडीयू जंक्शन से पहले ओएचई तार में पेंटो फंसने के कारण डेढ़ ...और पढ़ें

पीडीडीयू जंक्शन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी, डेढ़ घंटे की देरी।

पीडीडीयू जंक्शन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी, डेढ़ घंटे की देरी।

HighLights

  1. वंदे भारत एक्सप्रेस पीडीडीयू जंक्शन से पहले तकनीकी खराबी के कारण रुकी।

  2. ट्रेन का पेंटो ओएचई तार में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गया।

  3. डेढ़ घंटे की मरम्मत के बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई।

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। रांची से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को पीडीडीयू जंक्शन पहुंचने से पहले ओएचई तार में पेंटो फंसने से रुक गई। पेंटो के तार में फंसने के कारण वह टूट गया, वहीं ओएचई भी क्षतिग्रस्त हो गया।

ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर तीन पर रोककर करीब डेढ़ घंटे तक तकनीकी जांच व मरम्मत का काम किया गया। टीआरडी कर्मचारियों ने टूटे पेंटो को नीचे कर तार से बांधा। इसके बाद ट्रेन को 14:38 बजे वाराणसी के लिए रवाना किया गया। घटना में किसी यात्री के चोटिल होने की सूचना नहीं है।

अप रांची-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 13:09 बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंच रही थी। इसी दौरान किलोमीटर संख्या 673/97 से 673/109 के बीच ट्रेन का मिडिल पेंटो ओएचई तार में फंस गया।

अचानक हुई घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में हलचल मच गई। चालक ने ट्रेन को नियंत्रित करते हुए रोक दिया। सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। टीआरडी टीम ने जांच के दौरान पेंटो के टूटने के साथ ओएचई तार को भी क्षतिग्रस्त पाया।

एडीआरएम कुलदीप, स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मचारियों ने ट्रेन के ऊपर फंसे पेंटो को सावधानीपूर्वक नीचे किया। इसके बाद उसे तार से बांधकर सुरक्षित किया गया, ताकि ट्रेन को आगे ले जाया जा सके।

आरपीएफ निरीक्षक अनीता कुमारी भी मौके पर पहुंचीं तथा सुरक्षा व्यवस्था संभाली। तकनीकी कार्रवाई पूरी होने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को 14:38 बजे वाराणसी के लिए रवाना किया गया।

इस दौरान यात्री करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन में ही इंतजार करते रहे। ओएचई की मरम्मत के बाद प्लेटफार्म नंबर तीन से ट्रेनों का परिचालन सामान्य हुआ। रेलवे की टीम घटना के कारणों की जांच में जुटी है।