चंदौली में अराजकतत्वों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर लगाया गोबर
सेंट्रल कॉलोनी में लाल बहादुर शास्त्री की जन्म स्थली पर लगी उनकी प्रतिमा के मुख पर आज सुबह अज्ञात लोगों ने गोबर व मिट्टी का लेप लगा दिया।
चंदौली (जेएनएन)। संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बाद अब पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा कुछ अराजकतत्वों के निशाने पर है। सीएम योगी आदित्यनाथ के आज चंदौली आगमन से पहले कुछ अराजक तत्वों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा को गोबर तथा मिट्टी से पोत दिया। इसके बाद प्रशासन को सूचना मिलते ही तत्काल ही उस प्रतिमा को धोकर साफ किया गया।
सेंट्रल कॉलोनी में लाल बहादुर शास्त्री की जन्म स्थली पर लगी उनकी प्रतिमा के मुख पर आज सुबह अज्ञात लोगों ने गोबर व मिट्टी का लेप लगा दिया। शास्त्री जन्म स्थली सेवा न्यास के सदस्यों ने सूचना मिलने पर काफी दुख व्यक्त किया इसके बाद तत्काल प्रतिमा की धुलाई की गई। उधर शासन प्रशासन से मांग की गई कि ऐसा घिनौना कार्य करने वाले को गिरफ्तार किया जाय।
संस्था के संयोजक कृष्णा गुप्ता ने बताया कि वह तो लखनऊ में है। उन्हें यह सूचना मिली तो मन दु:खी हो गया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जन्म स्थली का विकास अभी तक नही हुआ। यहां पर शास्त्री जन्म स्थली पर सरकार ने प्रतिमा नहीं लगवाई तो संस्था के लोगों ने प्रतिमा लगवाया। अब उक्त प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, यह बेहद दुखद है।
आज चंदौली में प्रदेश के मुख्यमंत्री का आगमन हो रहा है और शास्त्री जी के साथ ऐसी घिनौनी हरकत की जा रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन को तत्काल मुकदमा दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि कहा कि संस्था के लोग अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।