सेंट्रल कालोनी में यात्रियों के लिए बनेगा जंक्शन का दूसरा द्वार
पीडीडीयू नगर (चंदौली) जंक्शन पर आने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब गाजीपुर सोनभद्र मीरजापुर सहित जिले के चकिया सैयदराजा धानापुर के यात्रियों को जंक्शन पर आने के लिए ज्यादा भ्रमण करने की जरुरत नहीं पड़ेगी।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : जंक्शन पर आने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब गाजीपुर, सोनभद्र, मीरजापुर सहित जिले के चकिया, सैयदराजा, धानापुर के यात्रियों को जंक्शन पर आने के लिए ज्यादा भ्रमण करने की जरुरत नहीं पड़ेगी। उनके लिए भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय की पहल पर सेंट्रल कालोनी में ही जंक्शन का दूसरा द्वार बनवाया जाएगा। गुरुवार को उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही कार्य में गति लाने का निर्देश दिया। उम्मीद है कि पांच महीने बाद ही स्वरूप बदलने लगेगा। जंक्शन के दूसरे द्वार के निर्माण के लिए डेडीकेटिड फ्रेट कारीडोर (डीएफसीसी) लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसकी निगरानी डीआरएम राजेश पांडेय और डीएफसीसी पूर्व कारीडोर के महाप्रबंधक समन्वय अजीत मिश्रा करेंगे। जंक्शन का दूसरा द्वार बनने के बाद लोगों को नगर में लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिल जाएगा।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन ए श्रेणी में आता है। यहां पर एशिया का सबसे बड़ा यार्ड भी है। जंक्शन से रोजाना सैकड़ों ट्रेनों की आवाजाही होती है। लगभग सभी ट्रेनों का ठहराव भी जंक्शन पर होता है। जंक्शन से सफर करने वालों की संख्या हजार से अधिक की होगी। हालांकि वर्तमान में जंक्शन व यार्ड में काफी कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ डीएफसीसी मालगाड़ियों के लिए तीसरी रेल लाइन बिछाने में लगी है तो पीडीडीयू मंडल यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने में लगा है। जंक्शन पर आने के लिए यात्रियों को जीटीआर ब्रिज से होकर नगर में आना पड़ता है। इसके बाद काली मंदिर से होकर जंक्शन जाना पड़ता है। इतनी दूरी तय करने में अक्सर यात्रियों को जाम का झाम भी झेलना पड़ता है। कई बार तो यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है, लेकिन अब रेलवे ने इसका भी समाधान खोज लिया है। एक तरफ आसानी से यात्री जंक्शन पर पहुंच जाएगा और नगर में दबाव कम होने पर जाम के झाम से छुटकारा भी मिलेगा। दूसरा द्वार बनने के बाद यात्रियों को नगर में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि यात्री चकिया तिराहे से ही सेंट्रल कालोनी पहुंचेंगे और वहां से सीधे जंक्शन।