सैयदराजा विधायक का रिपोर्ट कार्ड : दौड़ती रही विकास की गाड़ी, समय-समय पर उठते रहे कड़े सवाल
सैयदराजा विधानसभा सीट पर विधायक सुशील सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और लंबित मुद्दों का विश्लेषण किया गया ...और पढ़ें

सैयदराजा में विकास की रफ्तार और अनसुलझे सवाल: विधायक का रिपोर्ट कार्ड।
HighLights
विधायक सुशील सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा।
बिजली, सिंचाई, गंगा कटान जैसे प्रमुख मुद्दे अभी भी लंबित।
धानापुर तहसील दर्जा, नगवा-चोचकपुर पुल निर्माण जैसे वादे अधूरे।
जागरण संवाददाता, चंदौली। सैयदराजा विधानसभा सीट पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखती है। भाजपा से लगातार दूसरी बार विधायक बने सुशील सिंह के कार्यकाल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं। विधायक निधि के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतारी गईं। इस दौरान विकास की गाड़ी लगातार आगे बढ़ती रही।
लेकिन, बिजली, सिंचाई, गंगा कटान और कुछ अधूरी परियोजनाओं को लेकर समय-समय पर प्रश्न भी उठते रहे। सड़क, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल आदि मुद्दे इस विस क्षेत्र के अब भी प्रमुख विषय बने हुए हैं। धानापुर को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग अब भी अधूरी बताई जा रही। नगवा-चोचकपुर के बीच गंगा पर पक्का पुल निर्माण वर्षों से लंबित है। दोनों के लिए विधायक ने वादा किया है। हालांकि नरौली में 4.81 करोड़ रुपये की लागत से गंगा कटान निरोधक कार्य कराया जा चुका है।
अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की क्षमता नहीं बढ़ने से लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। हालांकि 132 केवीए के नए उपकेंद्र का प्रस्ताव है। इसका असर अदसड़, करौती, अरंगी, धनाइतपुर सहित कई पंप कैनालों के संचालन पर पड़ रहा है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कंदवा, पई, असना, खुरहट, मानिकपुर, बाकरपुर और नारायनपुर सहित कई नहरों की समय पर सफाई नहीं होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। नौबतपुर-बरहनी मार्ग की जर्जर स्थिति भी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। वहीं, सैयदराजा शहीद स्मारक स्थल के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास का कार्य वर्ष 2024 से चल रहा।
लगभग 1.90 करोड़ रुपये की लागत से यहां कायाकल्प के कार्य कराए जा रहें हैं। हिंगुतरगढ़ गांव में 4.99 करोड़ रुपये की लागत से शहीद धीरज सिंह ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज के संचालन से क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं। चिरईगांव में आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निर्माण कराया गया है। ग्राम पंचायतों में सीसी सड़क, पक्की नाली, इंटरलाकिंग, संपर्क मार्ग, विद्युतीकरण और अन्य आधारभूत विकास कार्य भी कराए गए हैं।
बोले विधायक
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प के अनुरूप निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। सड़क, बिजली, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। लगभग सभी ग्राम पंचायतों में सीसी सड़क, पक्की नाली, इंटरलाकिंग व संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया है। खेती-किसानी को प्राथमिकता देते हुए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने, पंप कैनालों के संचालन में सुधार, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने व आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज के संचालन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। चिरईगांव में आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निर्माण कराया गया है। शहीद स्मारक के कायाकल्प, धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पुलिया व संपर्क मार्गों के निर्माण आदि कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए गए हैं। पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, महिलाओं की सुरक्षा सुदृढ़ करने, पेयजल व्यवस्था मजबूत करने व जनसमस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या को शासन और सदन में मजबूती से उठाया जाता है। जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। विकास की यह यात्रा आगे भी पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ निरंतर जारी रहेगी। - सुशील सिंह, विधायक, भाजपा।
बोले रनरअप
बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई, शिक्षा क्षेत्र अनेक महत्वपूर्ण कार्य हमारे कार्यकाल में हुए। सोगई, मानिकपुर, भुजना में पंप कैनाल का निर्माण कराया, जिससे हजारों किसानों को सिंचाई का लाभ मिला। अमड़ा में पावर हाउस का निर्माण भी हमारे कार्यकाल में हुआ, लेकिन आज तक उसकी क्षमता नहीं बढ़ाई गई। परिणामस्वरूप किसान लो वोल्टेज, बिजली कटौती और सिंचाई संकट झेल रहे हैं। चार राजकीय महिला महाविद्यालयों की स्थापना, मेडिकल कालेज की स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज अधिकांश पंप कैनाल बंद पड़े हैं, नहरों की सफाई नियमित नहीं हो रही, गंगा कटान जारी है। धानापुर को तहसील का दर्जा, नगवा-चोचकपुर पुल निर्माण आज भी अधूरा है। क्षेत्र की जनता बेहतर सड़क, निर्बाध बिजली, पर्याप्त सिंचाई, शुद्ध पेयजल, मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार अवसर और लंबित परियोजनाओं का शीघ्र पूरा होना चाहती है। - मनोज सिंह 'डब्लू', सपा (रनरअप 2022)
जनता की राय
गंगा कटान की समस्या वर्षों से बनी हुई है। विधानसभा में यह मुद्दा कई बार उठा, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। मानिकपुर, बाकरपुर और नारायनपुर की नहरों की समय पर सफाई नहीं होने से टेल तक पानी नहीं पहुंचता। सिंचाई प्रभावित होने से किसानों को हर वर्ष आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। - जय प्रकाश।
नगर पंचायत का स्वास्थ्य केंद्र आज भी जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। भुजना, मानिकपुर, भतीजा सहित कई गांवों की सड़कें खराब हैं। बरसात में आवागमन मुश्किल हो जाता है। रोगियों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं में शीघ्र सुधार कराया जाना चाहिए। - राजेश कुमार केशरी।
हर घर नल से जल योजना अभी पूरी तरह सफल नहीं हो सकी है। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग लंबे समय से लंबित है। लो वोल्टेज के कारण पंप कैनालों का संचालन प्रभावित रहता है। इससे धान समेत अन्य फसलों की सिंचाई समय पर नहीं हो पाती और किसानों की चिंता बढ़ जाती है। - कमलेश पांडेय।
कई गांवों में जमीनी विवाद के कारण सामुदायिक शौचालय नहीं बन सके हैं। जहां बने भी हैं, वहां अधिकांश समय ताले लटके रहते हैं। रनिया, नूरी और भतीजा सहित कई गांवों में पानी की टंकियां बनने के बाद भी घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। - अरुण श्रीवास्तव।
---
सैयदराजा विधानसभा
कुल मतदाता: 3,06,869
पुरुष मतदाता: 1,68,008
महिला मतदाता: 1,38,851
अन्य मतदाता: 0
