पराली निस्तारण के लिए किसानों को मिले सब्सिडी
मुगलसराय विधायक साधना सिंह सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मिलीं। इस दौरान किसानों की पराली निस्तारण की समस्या और प्रशासनिक कार्रवाई के बाबत चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन को पराली निस्तारण के इंतजाम कराने पर बल दिया।
जागरण संवाददाता, चंदौली : मुगलसराय विधायक साधना सिंह सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मिलीं। किसानों की पराली निस्तारण की समस्या और प्रशासनिक कार्रवाई के बाबत चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन को पराली निस्तारण के इंतजाम कराने पर बल दिया। साथ ही स्वयं पराली निस्तारण करने वाले छोटे किसानों को 100 रुपये प्रति क्विटल के हिसाब से सब्सिडी देने और दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।
विधायक बोलीं, पर्यावरण प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए सभी को गंभीर होना चाहिए लेकिन किसानों को हार्वेस्टर से धान काटने से रोकना न्याय संगत नहीं है। पराली जलाने को लेकर किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे। वहीं हार्वेस्टर से धान की कटाई कराने से भी रोक दिया जा रहा। इससे रबी फसलों की बोआई का काम बाधित हो रहा है। खेतों से नमी समाप्त हो गई तो किसानों के लिए परेशानी खड़ी हो जाएगी। ऐसे में जिला प्रशासन पराली निस्तारण के लिए तीन दिन में इंतजाम करे। किसानों के हित को देखते हुए व्यावहारिक हल ढूंढ़ा जाना चाहिए। वहीं जिन किसानों ने पराली निस्तारण का स्वयं इंतजाम किया है, उन्हें सब्सिडी के रूप में 100 रुपये प्रति क्विटल अधिक धान का समर्थन मूल्य दिया जाए। बिना रिपर के हार्वेस्टर चलाने की भी अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने पीडीडीयू नगर में खस्ताहाल रेलवे कालोनियों का भी मुद्दा उठाया। जिला प्रशासन से सहयोग कर रेलवे कालोनियों के भवन, रास्तों व नालियों की मरम्मत कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने पराली निस्तारण के लिए मुकम्मल इंतजाम कराने का भरोसा दिलाया। कहा, किसानों को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। राघवेंद्र प्रताप सिंह, विद्यासागर गुप्ता, ओपी सिंह व अन्य मौजूद थे।