सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस, पुलिस ने रोका
कैब व एनआरसी के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चकिया तिराहे से जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं के जुलूस को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस अंकित यादव थाने ले गई। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : कैब व एनआरसी के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चकिया तिराहा से जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं के जुलूस को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस अंकित यादव को थाने ले गई। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
शाम को सपा कार्यकर्ता चकिया तिराहा से विरोध जुलूस निकालने लगे। यह देख अलीनगर थाना प्रभारी व कोतवाली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि एनआरसी देशहित में नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने की बजाए तरह-तरह के बिल पास कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इन दिनों देश की स्थिति यह हो गई है कि अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। दुष्कर्म, हत्या, छिनैती आदि घटनाएं आम हो गई हैं। कानून व्यवस्था बेपटरी हो गई है। चेताया कि जनहित में कार्य नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
नियामताबाद प्रतिनिधि के अनुसार नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में बुधवार को मुगलसराय तहसील के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में मार्च निकाला। अधिवक्ता जुलूस के साथ हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर चल रहे थे। यंग लायर्स सोसाइटी के अध्यक्ष खालिद वकार ने कहा कि सरकार का यह बिल जनविरोधी है। सरकार भेदभाव पूर्ण रवैया नहीं अपना सकती। अध्यक्ष देवी दयाल गुप्ता ने कहा यह देश सबका है। देश में सभी नागरिकों को समान अधिकार है। मान सिंह, मुरलीधर राव, बलवंत सिंह, संतोष श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता शामिल थे।