मदद के लिए सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाए हाथ
मदद के लिए सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाया हाथ
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : लॉकडाउन के दौरान असहाय व गरीब लोगों की मदद के लिए सामाजिक संस्थाओं ने हाथ बढ़ाया है। कंधे से कंधा मिलाकर जिला प्रशासन की मदद की जा रही है। भोजन सामग्री का वितरण सुबह-शाम किया जा रहा है। उधर रेलवे भी असहायों को भोजन कराने में जी जान से लगी है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्रा के निर्देशन में चार सौ लोगों को खाना उपलब्ध कराया गया। पीडीडीयू जंक्शन के आस-पास रहने वाले असहाय वृद्ध पुरुष, महिला व बच्चों को जंक्शन के सर्कुलेटिग एरिया में खाना खिलाया गया। बाहर से आए हुए असहाय व्यक्तियों जिन्हें विक्रम सिंह कन्या महिला महाविद्यालय में रखा गया है, उन्हें भी भोजन दिया गया। कमांडेंट ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में हर किसी को मदद के लिए आगे आने की जरूरत है। वहीं समाचार पत्र वितरक ने विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में क्वारंटाइन किए गए मरीजों के लिए तीन सौ पीस मिठाई कोतवाल शिवानंद मिश्रा को सौंपा। भागवत नारायण चौरसिया, विजय जायसवाल, मनोज तिवारी, जगदंबा सिंह, कमलेश, रतन अग्रहरि, दीपक आदि उपस्थित रहे। नगर के समाजसेवी मोहम्मद शाहिद ने एक हजार पैकेट भोजन का वितरण किया। विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में लगभग दो सौ व्यक्तियों को, रिक्शा चालकों, ठेले खोमचे, होटलों में फंसे यात्रियों, हरिशंकरपुर, चतुर्भुजपुर, दलित बस्तियों, कसाब महाल, हनुमानपुर, मुस्लिम महाल में पैकेट का वितरण किया। विपिन अग्रहरि, मरियम माही, अहमद वसीम, मोहम्मद सोनू खान, मोहम्मद मोहम्मद सुहेब, मुकेश जायसवाल आदि उपस्थित थे। सुबह-शाम भोजन बांट रहे कोल व्यापारी
चंधासी मंडी के कोल व्यापारियों ने लॉकडाउन के के बीच 250-300 गरीब परिवारों को खाने की पैकेट प्रशासन द्वारा वितरित करने का जिम्मेदारी लिया गया है। चंधासी सहित आसपास के क्षेत्र में सुबह शाम रोजाना खाने का वितरण किया जा रहा है। राकेश अग्रवाल, अशोक कुमार, बिल्लू मित्तल, शिवकुमार अग्रवाल, रतन अग्रवाल, सुभाष मित्तल, पवन माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे। अग्रसेन सेवा समिति ने नगर के विभिन्न स्थानों में गरीब व असहायों के बीच तीन सौ पैकेट भोजन वितरित किया। रघुनाथ अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण चंद्र के आग्रह पर दो सौ पैकेट भोजन श्याम बिहारी को सौंपा गया। साथ ही सौ पैकेट भोजन गोबरिया व आसपास के जरूरतमंदों तक पहुंचाया गया। साथ ही अलीनगर आश्रय स्थल, मलिन बस्ती व नगर स्थित विभिन्न लाज व होटलों में फंसे यात्रियों को वितरित किया गया है। सुरेश डेरोलिया, अजय कंदोई, कामेश्वर मिश्रा, जयप्रकाश, अखिल पोद्दार, प्रमोद अग्रवाल व शेरू डेरोलिया आदि उपस्थित थे।
लोगों की मदद के लिए डटी हैं सभासद
संकट की इस घड़ी में सुभाष नगर की सभासद आरती यादव लोगों की मदद करने में पीछे नहीं हट रही हैं। अपने वार्ड सहित नई बस्ती, महमूदपुर, सिकटियां, परशुरामपुर, काली महाल रावत बस्ती में 25 से 30 घरों में राशन बांट रही हैं। प्रतिनिधि श्रवण यादव के साथ रोजाना असहायों को राशन दे रही हैं। अब तक उन्होंने 120 परिवारों को राशन दे चुकी हैं।