पूर्वांचल के जिलों में जीवन रक्षक सिलेंडरों की होती है आपूर्ति
जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) चंधासी आक्सीजन फैक्ट्री में बुधवार की सुबह ब्लास्ट।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : चंधासी आक्सीजन फैक्ट्री में बुधवार की सुबह ब्लास्ट होने के बाद लोगों की धड़कनें बढ़ गईं। चर्चा रही कि फैक्ट्री को कुछ दिनों के लिए बंद कर देना चाहिए लेकिन कोविड-19 की वजह से आक्सीजन की फैक्ट्री बंद नहीं की जा सकती। वर्तमान में चंदौली सहित वाराणसी, आजमगढ़ व गोरखपुर जनपद के कोविड-19 अस्पतालों में यहां से आक्सीजन की आपूर्ति की जाती है। रोजाना 700 से 800 आक्सीजन सिलेंडर की खपत होती है। प्रतिदिन की रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय व जिलाधिकारी को प्रेषित होती है। ब्लास्ट की घटना के बाद मैनेजर ने फैक्ट्री को बंद करने से मना कर दिया। कहा अगर आपूर्ति बंद हुई तो कोविड-19 के मरीजों को दिक्कत होगी।
धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री का छज्जा उड़ गया। काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों की फैक्ट्री के अंदर प्रवेश की हिम्मत नहीं हुई, वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। घायल तीन मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। फैक्ट्री मैनेजर एलके दीक्षित ने बताया वर्तमान में कोविड-19 में अस्पतालों में प्रतिदिन 700 से 800 सिलेंडर की सप्लाई की जा रही है। शासन स्तर से निर्देशित भी किया गया है। घटना से काम पर असर नहीं पड़ेगा। अगर काम रुकेगा तो जवाबदेही तय है।