इंसान का जला पंजा मिलने से सनसनी
स्थानीय जंक्शन के सर्कुलेटिग एरिया में सोमवार को इंसान का जला पंजा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंच गए और जांच में जुट गए। पंजे के पास का कूड़ा सुलग रहा था।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : जंक्शन के सर्कुलेटिग एरिया में सोमवार को इंसान का जला पंजा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंच जांच में जुट गए। पंजे के पास कूड़ा सुलग रहा था। लॉकडाउन में पंजा मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। नगर के फुटपाथ पर गुजर बसर करने वाले घुमंतुओं पर शक किया जा रहा है। पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने की बात कही है, जिसके आधार पर शव की शिनाख्त की जाएगी।
सर्कुलेटिग एरिया में कुछ लोग गए तो वहां कूड़े के ढेर में इंसान का जलता पंजा दिखा। मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी जीआरपी को दी। इंसानी पंजा मिलने से चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया। पंजा किसका होगा, इसे लेकर लोग कयासबाजी करने लगे और तरह तरह की बातें होने लगीं। लोगों का कहना है कि नगर के घुमंतुओं में अक्सर मारपीट होती रहती है। कुछ लोग पीपी सेंटर की तरफ भी इशारा कर रहे थे। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि पंजा किस तरह यहां आ गया, इसकी जांच की जा रही है। गहन पड़ताल की जाएगी। वैसे पंजे को डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।