सकलडीहा विधायक का रिपोर्ट कार्ड : धीरे-धीरे चला विकास का पहिया, जनता की उम्मीदें अब भी अधूरीं
सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए, पर सिंचाई, बिजली और तकनीकी शिक्षा जैसी मूलभूत ...और पढ़ें

सकलडीहा विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास की धीमी गति और जनता की अधूरी अपेक्षाएं।
HighLights
विधायक निधि से सड़क, स्टेडियम जैसे कई कार्य हुए।
सिंचाई, बिजली, गंगा कटान जैसी बुनियादी समस्याएं अनसुलझी हैं।
जनता को तकनीकी शिक्षा व पेयजल के स्थायी समाधान की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, चंदौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के बीते साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कुछ पर काम जारी है। लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए प्रभुनारायण सिंह यादव ने विधायक निधि से भी विस क्षेत्र में कई उल्लेखनीय विकास कार्य कराए हैं।
ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए पहल कर कई मार्गों के कायाकल्प की स्वीकृति दिलाई। मुख्य सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण, खेल स्टेडियम, भोजापुर में पुलिस लाइंस, राजकीय मानसिक मंदित आवासीय विद्यालय की स्थापना व दुग्ध डेयरी प्लांट की स्थापना आदि परियोजनाओं ने विस क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है।
इसके बावजूद सिंचाई, गंगा कटान, तकनीकी शिक्षा, पेयजल, बिजली और ग्रामीण संपर्क मार्ग आदि बुनियादी समस्याएं आज भी पूरी तरह दूर नहीं हो सकी हैं। जनता अब अधूरी योजनाओं के पूरा होने और मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठी है। धरहरा में प्रस्तावित 50 बेड के आयुष चिकित्सालय का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है।
गंगा कटान हर वर्ष तटवर्ती गांवों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कटान का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। दूसरी ओर वर्षों पहले बनी नहरों और रजवाहों की नियमित सफाई नहीं होने से अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। बिजली व्यवस्था में सुधार के दावों के बावजूद ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। तकनीकी शिक्षण संस्थान नहीं होने से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के लिए दूसरे महानगरों का रुख करना पड़ता है।
बोले विधायक
विपक्ष में रहने के बावजूद मैंने हमेशा विस क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी। सिंचाई, गंगा कटान, बिजली, सड़क, किसानों की समस्याओं और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को दस से अधिक बार विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। खेती इस विधानसभा की रीढ़ है, इसलिए नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने और बिजली व्यवस्था मजबूत करने की लगातार मांग की। विधायक निधि से सीसी रोड, पक्की नाली, इंटरलाकिंग, सामुदायिक भवन सहित अनेक विकास कार्य कराए गए। विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। सरकार से अपेक्षित बजट नहीं मिलने के कारण कुछ योजनाएं अधूरी रह गईं। इसके बावजूद जनता के हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहा हूं। गंगा कटान का स्थायी समाधान, किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा, युवाओं को रोजगार के अवसर और विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आगे भी पूरी मजबूती से संघर्ष करता रहूंगा। - प्रभुनारायण सिंह यादव, सपा विधायक, सकलडीहा।
बोले रनरअप
भाजपा सरकार ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास कार्य कराए। चंदौली-सैयदराजा-सैदपुर फोरलेन, मुगलसराय-चहनियां मार्ग चौड़ीकरण, बाबा कीनाराम धाम का विकास, खेल स्टेडियम और भोजापुर पुलिस लाइंस आदि परियोजनाएं इसका प्रमाण हैं। विधायक क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं कर सके। विधायक निधि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित के कार्यों में होना चाहिए। भाजपा सरकार सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे भी विकास कार्यों को गति देती रहेगी। - सूर्यमुनी तिवारी, भाजपा (रनरअप)
बोली जनता
विस क्षेत्र में सड़कें पहले से बेहतर हुई हैं। लेकिन युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर अब भी सीमित हैं। 50 बेड के आयुष चिकित्सालय का निर्माण शीघ्र शुरू होना चाहिए। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी आदि आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। - नानक पांडेय, समाजसेवी, धरहरा।
बिजली व्यवस्था में पहले की अपेक्षा सुधार हुआ है। लेकिन, उपकेंद्रों के आधुनिकीकरण की जरूरत है। नहरों के अंतिम छोर तक समय से पानी नहीं पहुंचता, जबकि आवारा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों के हित में सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए। - शिवराज सिंह, किसान, दुर्गापुर।
बरसात में सकलडीहा बाजार में जलभराव से व्यापार प्रभावित होता है। पर्याप्त पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और व्यापारिक सुरक्षा की व्यवस्था अभी भी नहीं है। इन बुनियादी सुविधाओं का विकास होने से व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। - आनंद सेठ, व्यापारी, सकलडीहा।
हर घर नल योजना के तहत पाइपलाइन बिछ गई है। लेकिन, कई गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही। शिक्षा, सिंचाई और पेयजल आदि बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों को और प्रभावी पहल करते हुए संबंधित विभागों पर जवाबदेही भी तय करनी चाहिए।- चन्द्रधर दीक्षित, शिक्षक, तेनुवट
----------------------
विधानसभा क्षेत्र एक नजर में
कुल मतदाता : 3,00,850
पुरुष मतदाता : 1,64,625
महिला मतदाता : 1,36,215
अन्य मतदाता : 10
