विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टिकट जनरल का हो या रिजर्वेशन… रेल यात्रा से जुड़े हर काम के लिए उपयोगी रेलवन एप, कतार से भी राहत

Published: Fri, 18 Sep 2026 06:37 PM (IST)

भारतीय रेलवे का रेलवन ऐप टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने में सहायक साबित हो रहा है। यह ऐप टिकट ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. रेलवन ऐप त्योहारों में टिकट काउंटरों की भीड़ घटा रहा है।

  2. टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन स्थिति, भोजन जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध।

  3. डीडीयू मंडल में अनारक्षित टिकटों में ऐप की 12.64% हिस्सेदारी।

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ के बीच टिकट काउंटर की लंबी कतार से यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवन एप उपयोगी साबित हो रहा है। भारतीय रेलवे का यह ऐप टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लाइव स्थिति, भोजन बुकिंग और शिकायत दर्ज कराने तक की सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध करा रहा।

डीडीयू मंडल में अनारक्षित टिकटों की कुल बुकिंग में रेलवन एप की हिस्सेदारी 12.64 प्रतिशत पहुंच गई है। ऐप से आरक्षित, अनारक्षित व प्लेटफार्म टिकट की बुकिंग की जा सकती है। इसके अलावा ट्रेन की वास्तविक समय की स्थिति, लाइव लोकेशन, आगमन-प्रस्थान, पीएनआर स्टेटस व कोच पोजिशन की जानकारी भी मिलती है।

माई बुकिंग्स में पूर्व टिकटों का रिकार्ड उपलब्ध रहता है। यात्रा के दौरान भोजन बुकिंग के साथ पार्सल व फ्रेट ट्रैकिंग की सुविधा भी दी गई है। रेल मदद के माध्यम से यात्री शिकायत व सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

एक ही मंच पर रेल कनेक्ट और यूटीएस

रेलवन एप पुराने रेल कनेक्ट व यूटीएस ऐप की सेवाओं को एक मंच पर लाता है। एंड्रायड व आईओएस दोनों पर उपलब्ध ऐप में एम-पिन के साथ फिंगरप्रिंट व फेस आईडी से लागिन की सुविधा है। पुराने खाते से लागिन करने पर पिछली बुकिंग व संबंधित डाटा भी उपलब्ध रहता है।

डीडीयू मंडल के गया स्टेशन पर अनारक्षित टिकटों में ऐप की हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत है। डीडीयू में यह 12, सासाराम में 14, अनुग्रह नारायण रोड में आठ व डेहरी आन सोन में 9.45 प्रतिशत है। त्योहारों के दौरान दुर्गापूजा, दशहरा, दीपावली, छठ व कार्तिक पूर्णिमा पर बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए मोबाइल टिकटिंग से काउंटरों पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।

रेलवन से मिलेंगी 9 सुविधाएं

  • रिजर्वेशन टिकट बुकिंग
  • अनरिजर्व टिकट बुकिंग
  • प्लेटफार्म टिकट
  • मंथली टिकट पास
  • ट्रेन की रियल-टाइम ट्रैकिंग
  • PNR स्टेटस चेक
  • ऑनलाइन फूड ऑर्डर की सुविधा
  • शिकायत के लिए रेलवे की मदद
  • टीडीआर फाइलिंग की सुविधा

छह प्रमुख स्टेशनों पर 19 एटीवीएम

डीडीयू मंडल के छह प्रमुख स्टेशनों पर 19 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाई गई हैं। इनके माध्यम से यात्री अनारक्षित व प्लेटफार्म टिकट ले सकते हैं। भुगतान के लिए स्मार्ट कार्ड व यूपीआई की सुविधा उपलब्ध है। यात्रियों की सहायता के लिए फैसिलिटेटर भी तैनात किए गए हैं। स्मार्ट कार्ड से टिकट खरीदने पर तीन प्रतिशत की छूट मिलती है।

रेलवन एप और एटीवीएम यात्रियों के लिए टिकटिंग समेत कई सेवाओं को आसान बना रहे हैं। वर्तमान में डीडीयू मंडल में अनारक्षित टिकटिंग में रेलवन ऐप की हिस्सेदारी 12.64 प्रतिशत है। यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए। इससे यात्रा सहज, तेज व सुविधाजनक होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

-विश्वनाथ, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी, डीडीयू मंडल।