पितृपक्ष मेले को लेकर पीडीडीयू-गया रेलखंड पर कड़ी सुरक्षा, होल्डिंग एरिया से नियंत्रित होगी भीड़
पितृपक्ष मेले में गया जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए डीडीयू मंडल ने पीडीडीयू से गया जंक्शन तक सुरक्षा का मजबूत प्लान बनाया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पीडीडीयू-गया रेलखंड पर पितृपक्ष मेले हेतु सुरक्षा बढ़ाई गई।
गया जंक्शन पर आरपीएसएफ की अतिरिक्त कंपनी तैनात होगी।
भीड़ नियंत्रण हेतु होल्डिंग एरिया और सूचना तंत्र मजबूत।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पितृपक्ष मेले में गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीडीयू मंडल ने पीडीडीयू से गया जंक्शन तक सुरक्षा का मजबूत प्लान तैयार किया है। गया जंक्शन पर आरपीएसएफ की एक अतिरिक्त कंपनी तैनात की जाएगी। वहीं पीडीडीयू जंक्शन पर भी प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज सहित प्रमुख यात्री मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।
डीआरएम उदय सिंह मीना के निर्देश पर सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण तथा समय पर सूचना उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गया जंक्शन पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को व्यवस्थित रखने के लिए होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। यहां यात्रियों को आवश्यकता के अनुसार रोका जाएगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर अचानक बढ़ने वाले दबाव को कम किया जा सके।
ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के दौरान सुरक्षा बल भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों का मार्गदर्शन करेंगे। सुरक्षा बलों तथा रेलवे कर्मचारियों के बीच त्वरित समन्वय के लिए 30 नए वॉकी-टॉकी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इनके माध्यम से भीड़ की स्थिति, प्लेटफॉर्म पर दबाव तथा किसी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा सकेगी। यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म तथा अन्य जरूरी सूचनाएं देने के लिए 10 अतिरिक्त लाउड हेलर लगाए जाएंगे। इससे लाउड हेलर की कुल संख्या 30 हो जाएगी।
सुरक्षा और सुविधाओं पर रेलवे का फोकस
डीआरएम उदय सिंह मीना ने मेले के दौरान त्वरित निर्णय लेने, सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने व यात्रियों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पीडीडीयू जंक्शन गया जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र है। ऐसे में यहां से गया तक यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय रखा जाएगा। रेलवे का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।
सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी। पितृपक्ष मेले को लेकर लगातार बैठकों में सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण तैयारियां की गई हैं। सभी व्यवस्थाओं को मेले के पहले दिन से प्रभावी कर दिया जाएगा। सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ यात्रियों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान रहेगा। -दिनेश सिंह तोमर, आरपीएफ कमांडेंट, डीडीयू मंडल।
