मौसम में परिवर्तन से बिगड़ रही लोगों की सेहत
जासं, चंदौली : मौसम में इन दिनों हो रहा उतार-चढ़ाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना है
जासं, चंदौली : मौसम में इन दिनों हो रहा उतार-चढ़ाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना है। बच्चे, बूढ़े सभी मौसमी वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम आदि के चपेट में हैं। सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में बीमारों की भीड़ हो रही है।
बदलते मौसम व तापमान में उतार- चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। इस समय सबसे ज्यादा लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। सर्दी, खांसी, बदन दर्द की परेशानी से भी लोग मुश्किल में हैं। नवजातों में पीलिया की भी बीमारी बढ़ी है। सुबह सूर्योदय के बाद से ही गर्मी बढ़नी शुरू हो जा रही है। दिन भर की गर्मी के बाद शाम ढलते ही मौसम ठंडा हो जा रहा है। दिन में तापमान चढ़कर 34 तो रात से लेकर भोर तक 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला जा रहा है। तापमान में बदलाव ही बीमारियों का मुख्य कारण बन रहा है। रात में तेज रफ्तार चल रहे पंखों की हवा भोर में नुकसान पहुंचा रही है। तापमान में परिवर्तन से छोटे बच्चे बीमारियों की चपेट में आ जा रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह है कि इस मौसम में सावधानी रखना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को रात में पंखा धीमी गति से चलाना चाहिए। सोते समय बच्चों को कंबल या चादर से ढंककर रखना चाहिए। परेशानी महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए।