विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में फाइटर प्लेन से आसमान में लोगों ने देखा वायुसेना का शौर्य, जमीन पर भीड़ का इम्तिहान

By Vivek Kumar Dubey Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 24 Oct 2026 05:46 PM (IST)

भारतीय वायुसेना ने वाराणसी में गंगा नदी के ऊपर शानदार एयर शो का प्रदर्शन किया, जिसमें फाइटर प्लेन के हैरतअंगेज ...और पढ़ें

वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन: गंगा के ऊपर फाइटर प्लेन ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।

वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन: गंगा के ऊपर फाइटर प्लेन ने दिखाए हैरतअंगेज करतब।

HighLights

  1. वायुसेना के फाइटर प्लेन ने गंगा पर दिखाए शानदार करतब।

  2. लाखों दर्शकों ने वाराणसी एयर शो में शौर्य का अनुभव किया।

  3. सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बना।

जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। वाराणसी में गंगा के ऊपर शनिवार को भारतीय वायुसेना के फाइटर प्लेन की गर्जना गूंजी तो आसमान में शौर्य और जमीन पर जनसैलाब का नजारा दिखा। एयर शो के दूसरे दिन पड़ाव से सटे गंगा घाटों पर पांच लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान रहा।

वाराणसी के नमो घाट से लेकर अन्य घाट तक दोनों किनारों पर जुटे दर्शकों ने वायुसेना के हैरतअंगेज करतब देख रोमांच महसूस किया। चंदौली से वाराणसी तक उमड़ी भीड़ को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। चकिया तिराहा, पड़ाव चौराहा, पार्किंग स्थलों और पीडीडीयू जंक्शन पर यातायात व यात्रियों की आवाजाही पर विशेष दबाव रहा।

cha1

गंगा के ऊपर वायुसेना के विमानों ने एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। तेजस ने सुपर स्लो स्पीड पर उड़ान भरकर दर्शकों को चौंका दिया। इस दौरान उसकी गति करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इससे पहले तेजस ने चार रोल और उल्टी उड़ान जैसे एरोबिक करतब दिखाए।

दो ट्रांसपोर्ट विमानों के साथ तेजस की फॉर्मेशन ने आसमान में प्रवेश किया। इसके बाद आईएल-78 एमकेआई टैंकर के साथ चार स्वदेशी तेजस विमानों ने हवा में ईंधन भरने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। चार तेजस विमानों की वी-शेप फॉर्मेशन और सात लड़ाकू विमानों की एरो फॉर्मेशन में दो सुखोई एसयू-30 एमकेआई और पांच तेजस की गर्जना से गंगा घाट गूंज उठे।

cha2

जल, थल और नभ में सुरक्षा का पहरा
एयर शो के दौरान सुरक्षा के लिए घाटों पर स्काउट टीम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जल पुलिस, सीआरपीएफ और कमांडो तैनात रहे। गंगा में 80 गोताखोरों की तैनाती की गई। हेलीकॉप्टर से विवेकानंद क्रूज पर गरुड़ कमांडो उतरे और रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। नगर निगम की टीम ने बैरिकेडिंग दुरुस्त रखी। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक गंगा में नौका संचालन बंद रखा गया।

cha3

यातायात व्यवस्था और परिवहन पर दबाव

एयर शो देखने के लिए बिहार सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इससे चंदौली के पड़ाव चौराहे और चकिया तिराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका के बीच यातायात प्रबंधन अहम रहा। पार्किंग स्थलों तक पहुंचने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और दर्शकों को घाटों तक पहुंचाने की व्यवस्था की परीक्षा हुई।

सवारी गाड़ियों की उपलब्धता भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण रही। पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही और सेकेंड इंट्री की उपयोगिता भीड़ प्रबंधन के लिहाज से अहम रही। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आयोजन में शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगाहें टिकी हैं।