कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बाहर से आए लोग हुए क्वारंटाइन
जनपद में बाहर से आए सात लोगों को ही कोरोना का संक्रमित पाया गया। सातों के पॉजिटिव होने की रिपोर्ट के बाद प्रशासन बाहर से आ रहे लोगों को लेकर सख्त हो गया है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : जनपद में बाहर से आए सात लोगों को ही कोरोना का संक्रमित पाया गया। सातों के पॉजिटिव होने की रिपोर्ट के बाद प्रशासन बाहर से आ रहे लोगों को लेकर सख्त हो गया है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती किया जा रहा। रविवार को 63 लोगों को चंधासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में क्वारंटाइन किया गया है। वहीं जिले में बाहर से आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
जिले में सैकड़ों की संख्या में लोग दिल्ली, महाराष्ट्र गुजरात, राजस्थान सहित ऐसे प्रदेशों से शहर आए हैं, जो कोरोना वायरस के संक्रमण का गढ़ रहा है। इनमें से अधिकतर लोग अभी भी होम क्वारंटाइन में हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनमें से कई युवाओं के हाथ पर स्टांप भी लगाया गया है। अब परेशानी बढ़ने लगी है तो परदेश रह रहे लोग लौट रहे हैं। जनपद में भी कोरोना के मरीज मिलने के बाद प्रशासन और सतर्क हो गया है। बाहर से हर आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। रात में सकलडीहा के 84, चंदौली के 31 व चकिया के 32 लोगों को विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में रखा गया था। अगले दिन सभी को वापस उनके ब्लाक भेज दिया गया। अगले दिन सींघिताली, मलोखर, नियामताबाद, सदलपुरा सहित 63 लोगों को महाविद्यालय में क्वारंटाइन किया गया। प्रशासन ने सभी को भोजन पानी दिया गया। तहसीलदार लालता प्रसाद ने बताया कि कुल 63 लोगों को क्वारंटाइन किया गया। हर दिन सभी की जांच होगी। 14 दिन बाद सभी को उनके घर छोड़ दिया जाएगा।