बारिश से भीग गईं धान की बोरियां
खरौझा सहकारी समिति के धान खरीद केंद्र पर खुले आसमान के नीचे रखी धान की बोरियां बेमौसम बारिश से भीग गईं। इससे धान के खराब होने की संभावना बनी है। जिला प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों पर धान खरीदी के बाद सुरक्षित भंडारण का दावा किया गया था।
जासं, इलिया (चंदौली) : खरौझा सहकारी समिति के धान खरीद केंद्र पर खुले आसमान के नीचे रखी धान की बोरियां बेमौसम बारिश से भीग गईं। इससे धान के खराब होने की संभावना बनी है। जिला प्रशासन द्वारा क्रय केंद्रों पर धान खरीदी के बाद सुरक्षित भंडारण का दावा किया गया था। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका। नतीजा बीते सप्ताह हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि से परिसर में रखी धान की बोरियां भीग गईं। बारिश के मद्देनजर तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से धान खराब होने के कगार पर पहुंच गया है। केंद्र प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि करीब आठ हजार क्विंटल धान की बोरी जगह के अभाव में बाहर रखी गई थी। इसके उठान के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।