प्रत्याशी का पर्चा रद होने की सूचना पर भड़के सपाई, दिया धरना
सदर ब्लाक से ब्लाक प्रमुख पद पर नामांकन करने वाली सपा प्रत्याशी छा
जागरण संवाददाता, चंदौली : सदर ब्लाक से ब्लाक प्रमुख पद पर नामांकन करने वाली सपा प्रत्याशी छाया देवी का पर्चा खारिज होने की सूचना पर सपा कार्यकर्ता भड़क गए। सपाजनों ने गुरुवार की शाम जिलाधिकारी आवास पर धरना दिया। सूचना के बाद सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव भी पहुंचे। उन्होंने डीएम से मिलने की इच्छा जाहिर की लेकिन जिलाधिकारी ने पर्चा खारिज न होने का भरोसा दिलाते हुए विधायक से मिलने से इनकार कर दिया। इससे विधायक भड़क गए और धरना पर बैठ गए। सदर ब्लाक से सपा प्रत्याशी छाया देवी ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया था। भाजपा ने शपथ पत्र में दी गई सूचनाओं के बाबत आपत्ति दाखिल कर दी। ऐसे में सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने की सूचना हवा में तैरने लगी। इसकी जानकारी होते ही सपाई आक्रोशित हो गए। दर्जनों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जिलाधिकारी आवास पहुंच गए। वहीं इसकी जानकारी सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव को भी दिया। जिलाधिकारी ने एआरओ से वार्ता कर भरोसा दिलाया। कहा कि यदि नामांकन पत्र व शपथ पत्र में दी गई सूचनाएं सही होंगी तो नामांकन रद नहीं होगा। हालांकि कार्यकर्ता कुछ भी सुनने के लिए तैयार नहीं थे। सूचना के बाद सपा से सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर बात करने की इच्छा जाहिर की। डीएम के न मिलने से नाराज सपा विधायक भी कार्यकर्ताओं संग बैठ गए। खबर लिखे जाने तक धरना जारी रहा।