अब यातायात नियमों के प्रति अभिभावकों को जागरूक करेंगे विद्यार्थी
थानीय नगर स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में बुधवार को उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग की ओर से इसमें माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यो को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
जागरण संवाददाता, चंदौली: स्थानीय नगर स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में बुधवार को उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग की ओर से इसमें माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यो को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जिला विद्यालय निरीक्षक डाक्टर वीपी सिंह ने कहा कि विद्यार्थी अपने अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। प्रधानाचार्य अपने विद्यालय के सभी शिक्षकों व छात्र- छात्राओं को यातायात के नियमों का गुर सिखाएंगे।
कहा कि विद्यालय समाज का प्रकाश स्तंभ है। इसके माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाई जा सकती है। लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है। स्कूलों में सत्र के साथ-साथ गतिविधि आधारित शिक्षण प्रणाली से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियम सिखाया जाना अधिक प्रभावी होगा। नियमों की अनदेखी की वजह से सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। विद्यार्थियों को जागरूक कर भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित बनाया जा सकता है। विद्यालय परिवहन समिति छात्रों के आने-जाने का किराया, वाहनों का मानक आदि सुनिश्चित करेगी। कहा कि विद्यालयों के लिए आपदा प्रबंधन योजना बनाना महत्वपूर्ण है। सप्ताह में एक दिन आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां गतिविधियों के लिए निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि बच्चों में सुरक्षा की संस्कृति का विकास हो सके। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य लवकुश सिंह ने कहा कि विद्यालयों के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा संदेश व सड़क सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए। इससे बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। पीटीओ एसपी देव ने सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। कहा, सभी को सजग होने की जरूरत है। प्रधानाचार्य एसके लाल, डा. महेंद्र पांडेय, अनिल सिंह समेत कई स्कूलों के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।