जातिवाद, परिवारवाद के लिए भाजपा में जगह नहीं
जागरण संवाददाता कमालपुर (चंदौली) अमड़ा कस्बे में मंगलवार को भाजपा बरहनी मंडल के कार्यक
जागरण संवाददाता, कमालपुर (चंदौली) : अमड़ा कस्बे में मंगलवार को भाजपा बरहनी मंडल के कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। प्रशिक्षण में भाजपा की नीतियों, सिद्धांतों व वैचारिक विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की गई।
वरिष्ठ नेता राजेश सिंह ने कहा भाजपा की विचारधारा सैद्धांतिक है। पार्टी कार्यकर्ताओं के मान सम्मान के लिए कटिबद्ध है। नीतियों व सिद्धांतो की वजह से एक छोटा कार्यकर्ता भी विधायक व सांसद की कुर्सी पर बैठ सकता है। जातिवाद व परिवारवाद के लिए यहां कोई जगह नहीं है। विकास को नया आयाम देने में भाजपा पर आम जनमानस की निगाहें टिकीं हैं। पार्टी की सोच है कि समाज के निचले पायदान के लोगों को योजना का लाभ दिया जाए। ताकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना पूरा हो सके। कार्यकर्ता गांवों में जाकर पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों व महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी आमजन मानस को दें। पूर्व जिला महामंत्री अनिल तिवारी, बरहनी मंडल अध्यक्ष संतोष बिद, मंडल प्रभारी सतीश चौहान, विनोद राय, अजीत सिंह, संजय उपाध्याय, सुनील पांडेय आदि कार्यकर्ता मौजूद थे। संचालन जयप्रकाश उपाध्याय ने किया।