दीपों से जगमगा उठा नक्सल इलाका
दीपों की रोशनी से नक्सल इलाका बुधवार को जगमग हो गया। मौका था दीपोत्सव पर्व का। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में दीपावली की धूम मच गई।
जांस चकिया (चंदौली) : दीपावली पर्व पर बुधवार को दीपों की रोशनी से नक्सल इलाका जगमग हो गया। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में दीपावली की धूम मची रही। बाजार की रौनक पूरे दिन बनी रही। सायं होते ही लोग देव स्थानों की ओर देशी घी का दीया व अगरबत्ती लेकर कूच कर दिए।
दीपावली के पर्व को लेकर नगर में मां लक्ष्मी व गणेश की प्रतिमा सहित फूल माला, पूजन सामग्री की खरीदारी करने में लोग मगन रहे। भीषण महंगाई के बावजूद मिष्ठान भंडारों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। प्रतिष्ठानों सहित घरों की साफ सफाई युद्ध स्तर पर करके लोगों ने विधि विधान से पूजन अर्चन किया। मिट्टी के दिए, मोमबत्ती व विद्युत लताओं से सायं होते ही देवस्थान, प्रतिष्ठान व घर, मकान जगमग हो गये। बिजली आपूर्ति बेहतर होने से लोगों ने राहत की सांस ली। रात्रि में लोगों ने दीपोत्सव के पर्व पर जमकर आतिशबाजी की। साथ ही विविध व्यंजन का स्वाद चखा। नौगढ़, इलिया, शहाबगंज, शिकारगंज, सिकंदरपुर, सैदूपुर, उतरौत, बैरी, मझगांवा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में दीपावली का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया।