मुगलसराय विधायक का रिपोर्ट कार्ड : दौड़ी विकास की गाड़ी लेकिन पकड़ नहीं पाई पूरी रफ्तार
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल के साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है। विकास कार्यों में तेजी ...और पढ़ें

मुगलसराय में विकास की रफ्तार: विधायक के कार्यकाल का लेखा-जोखा।
HighLights
विधायक निधि से 300 से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की गईं।
सड़क, बिजली, पानी की समस्याएँ अब भी बरकरार हैं।
जनता और विपक्ष ने विकास कार्यों पर सवाल उठाए हैं।
जागरण संवाददाता, चंदोली। विधानसभा क्षेत्र मुगलसराय अर्थात पंडित दीनदयाल नगर में विकास की गाड़ी दौड़ी लेकिन पिछले साढ़े चार सालों में रफ्तार नहीं पकड़ सकी। जनपद सृजन के करीब 28 साल बाद भी यातायात की सुविधाओं से लोग वंचित हैं तो बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। विधायक निधि से अब तक 300 से अधिक परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है।
इसमें सर्वाधिक इंटरलाकिंग, मार्ग प्रकाश, सीसीरोड, सीवर कार्य, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता एवं भवन निर्माण पर खर्च किए गए हैं। विधायक निधि तथा शासन से बजट हासिल कर सड़कों को संवारने पर खास ध्यान दिया गया है। पेश है विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास की रिपोर्ट---
वित्तीय वर्ष : 2023-24
अनुशंसित कार्य : 38
स्वीकृत कार्य : 38
स्वीकृत धनराशि : 495.37 लाख रुपये (4.95 करोड़)
व्यय धनराशि : 530.83 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : 0
प्रमुख कार्य : 23 इंटरलाकिंग रोड, 5 मार्ग प्रकाश, 3 सीसी रोड, 2 सीवर कार्य, 2 विद्युत कार्य, 2 पेयजल एवं स्वच्छता, 1 भवन निर्माण।
------------
वित्तीय वर्ष : 2024-25
अनुशंसित कार्य : 137
स्वीकृत कार्य : 135
स्वीकृत धनराशि : 473.56 लाख रुपये (4.74 करोड़)
व्यय धनराशि : 301.58 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : 133
प्रमुख कार्य : 102 मार्ग प्रकाश, 28 इंटरलाकिंग रोड, 4 सीसी रोड, एक सार्वजनिक शौचालय।
----------
वित्तीय वर्ष : 2025-26
अनुशंसित कार्य : 41
स्वीकृत कार्य : 38
स्वीकृत धनराशि : 542.80 लाख रुपये (5.43 करोड़)
व्यय धनराशि : 486.10 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : 12
प्रमुख कार्य : 26 अन्य कार्य, 10 इंटरलाकिंग रोड, 3 मार्ग प्रकाश, 1 विद्युत कार्य।
------
वित्तीय वर्ष : 2026-27
अनुशंसित कार्य : 30
स्वीकृत कार्य : 27
स्वीकृत धनराशि : 30 लाख रुपये
व्यय धनराशि : 10 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : शून्य
प्रमुख कार्य : 11 इंटरलाकिंग रोड, सात संपर्क मार्ग, तीन नाला/नाली, दो सीवर कार्य, दो विद्युत कार्य।
-------
बोले विधायक
अब तक विधानसभा में बीस से अधिक मुद्दों को उठाया गया है। विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के अलावा इतने कार्य कराए गए जो पूर्व की सरकारों में कभी भी नहीं कराया जा सका था। रोडवेज बसअड्डा का निर्माण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, तहसील भवन के लिए सदन में मुद्दा रखा गया। शासन से स्वीकृति मिली। इसके बाद पड़ाव-गोधना मोड़, गोधना मोड़ से लेवा, चकिया मोड़ से जीटीरोड तक चौड़ीकरण कार्य कराए गए। वीडीओ से पहली बार विकास के लिए बजट दिलाया गया है। इसके पहले कभी भी बजट नहीं मिला था। नियामताबाद और बबूरी में स्वास्थ्य केंद्र की एसआइटी जांच को भी सदन में उठाया गया था। गड़ई नदी की सफाई सहित कई पुलों के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। - रमेश जायसवाल, विधायक, विधानसभा क्षेत्र मुगलसराय
बोले रनर
मुगलसराया विधानसभा क्षेत्र की जनता के सामने एक-दो नहीं, समस्याओं का अंबार है। बिजली, पानी, सड़क, यातायात, स्वास्थ्य की सुविधा पाने में जनता लाचार है। विधानसभा क्षेत्र में कुछ मुख्य सड़क को छोड़ दिया जाए तो सभी कनेक्टिंग सड़क का निर्माण आज तक नहीं हो पाया। इससे आम जनमानस को भारी परेशानी होती है। हिनौली का मार्ग हो या फिर हरिशंकर पुर का मार्ग, छोटू सराय का मार्ग ऐसे कई मार्ग हैं, जिनका निर्माण नहीं कराय जा सका है। निधि और अन्य माध्यमों से मिल रहा बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। व्यापारियों का दोहन किया। बबुरी में सपा सरकार ने अस्पताल बनवाया, जिसका आज तक संचालन नहीं किया जा सका है। महेवा में वर्ष 2018 में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा ट्रामा सेंटर शिलान्यास किया गया आज तक चालू नहीं हो सका। - चंद्रशेखर यादव, रनर
बोले स्थानीय लोग
जनता के सुख-दुख में बगैर देरी किए विधायक पहुंचते हैं। जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए सजग रहते हैं। हालांकि, धरातल पर जिस गति से विकास कार्य को दिखना चाहिए, वैसा नहीं दिख रहा है। सड़कें और बिजली आपूर्ति बहुत खराब है। इसे दुरुस्त कराने में विधायक को ध्यान देना चाहिए। - संतोष पाठक, समाजसेवी
मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में फिलहाल विकास को गति मिला है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बहुत ही बदहाल है। जीटीरोड़ होेने के बाद भी चंदौली से वाराणसी सहित अन्य स्थानों पर जाने के लिए सड़क एवं रेलवे मार्ग से कोई व्यवस्था नहीं है। विधायक को इस पर ध्यान देना चाहिए। - दुर्गा प्रसाद मिश्र, किसान
विधायक ने कुछ क्षेत्रों में तो कुछ भी काम नहीं किया गया। सड़कें बदहाल और बिजली की समस्या विकराल बनी है। चंदौली लिए यातायात की सुविधा नहीं है। परिवहन निगम की बसों का संचालन अभी तक नहीं किया जा सका है। यहां जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। एक्सप्रेसवे का निर्माण भले ही हो रहा है लेकिन स्थानीय स्तर पर यातायात व्यवस्था ठीक नहीं है। - विपिन चौहान, अधिवक्ता
जिले में एक्सप्रेसवे का तो जाल फैला है लेकिन ग्रामीण सड़कों की स्थिति बदहाल है। बिजली की ट्रिपिंग बंद नहीं हो रहा है। मुगलसराय शहर की सड़क और नाली को देखकर विकास की पड़ताल की जा सकती है। विधायक ने जनहितों के मुद्दों को सदन में उठाकर निदान कराने का प्रयास किया है। सड़क और बिजली आपूर्ति की दुर्दशा मुसीबत बनी है। - शाहकार आलम, समाजसेवी
