माताओं को पौष्टिक आहार जरूरी, शिशु होगा स्वस्थ
अन्नप्राशनमाताओं को पौष्टिक आहार जरूरी शिशु होगा स्वस्थ
जासं, नौगढ़ (चंदौली) : राष्ट्रीय पोषण सप्ताह कार्यक्रम के तहत सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र डुमरिया में अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दो बच्चों को पहली बार अन्न का स्वाद चखाया गया। गर्भवती और किशोरियों को पोषण सप्ताह की जानकारी दी गई। गांव में जन्मे अनूप पुत्र दीपू व पंकज पुत्र सरिता का अन्नप्राशन कराने के साथ ही उनकी माताओं और अन्य महिलाओं को जन्म के तुरंत बाद बच्चे को मां का दूध पिलाने से होने वाले लाभ की जानकारी दी गई।
कहा संतुलित आहार का सेवन करने से मां का शरीर स्वस्थ रहता है। आहार का उनके नवजात बच्चों पर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में माताएं पौष्टिक आहार जरूर लें। इससे शिशु भी स्वस्थ रहेगा। बताया शासन ने इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से पौष्टिक आहार देने की व्यवस्था की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुशीला ने बताया कि दो साल तक के बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने रोजाना बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र पर भेजने को प्रेरित किया। गांव की कई किशोरियां व महिलाएं मौजूद थीं।