विधि-विधान से पूजी गई मां कूष्मांडा, लगे जयकारे
जासं, चंदौली : शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को नगर व ग्रामीण इलाके के मंदिरों में मां कूष्मांडा
जासं, चंदौली : शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को नगर व ग्रामीण इलाके के मंदिरों में मां कूष्मांडा देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। सुबह से ही देवी के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। घंट-घड़ियाल की गूंज व भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया। 'निमिया की डाढ़ मइया झूले ली झलुववा' व अन्य देवी गीतों से वातावरण गूंज उठा। सुबह सैकड़ों की संख्या में मंदिर पहुंचे भक्तों ने मां के जयकारों के बीच महाआरती की।
पीडीडीयू नगर प्रतिनिधि के अनुसार नगर के लालबहादुर शास्त्री पार्क स्थित दुर्गा मंदिर, नईसट्टी स्थित दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु उमड़े। घरों से पूजा की थाली सजाकर मंदिर पहुंचे महिला और पुरुष भक्तों ने सबसे पहले मां को जल अíपत किया, इसके बाद रोरी, चंदन से तिलक कर आरती उतारी और फूल-मालाओं के साथ प्रसाद चढ़ाया।
चकिया प्रतिनिधि के अनुसार नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को घरों व शक्ति पीठों में मां कूष्मांडा विधि-विधान व श्रद्धापूर्वक पूजी गईं। माता के भक्तों ने पुष्प, धूप, चुनरी आदि चढ़ाया। वहीं देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को आस्थावानों का हुजूम उमड़ पड़ा। मां के स्वरूप का दर्शन कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। नगर स्थित मां काली व मां दुर्गा मंदिर का पट भोर में खुल गया। सुबह से ही भक्तों के दर्शन-पूजा का क्रम शुरू हो गया। मां दुर्गा मंदिर विभूतिनगर, झंडा माता, सिहोरिया माई मंदिर, मां दुर्गा मंदिर हेतिमपुर, मंगरौर स्थित मां मंगला गौरी, बैरी , सिकंदरपुर, रामलक्ष्मणपुर, राममाड़ो गांव के मां काली मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन-पूजा किया। बारिश होने की वजह से आरती में अन्य दिनों की तुलना में भक्तों की संख्या कम रही।