नरेंद्र मोदी की मंत्री उमा भारती ने कहा- राम मंदिर बनने पर हर पल कारसेवा को तैयार
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि वह चारों प्रहर भगवान राम को याद करती हैं। राम मंदिर के सवाल पर बोली कि मैं शुरू से मंदिर बनाने की पक्षधर रही हूं, जिसमे बदलाव नहीं होने वाला।
चंदौली (जेएनएन)। नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री उमा भारती ने भी अयोध्या में राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है। चंदौली में देर रात उन्होंने कहा कि मंदिर बनने पर वह कारसेवा को तैयार है। राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली उमा भारती ने कहा कि मीडिया को चुनाव के समय ही भगवान राम की याद आती है।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि वह चारों प्रहर भगवान राम को याद करती हैं। राम मंदिर के सवाल पर बोली कि मैं शुरू से मंदिर बनाने की पक्षधर रही हूं, जिसमे बदलाव नहीं होने वाला। अयोध्या में भगवान राम की विशाल प्रतिमा बनाने की खबर से खुश हूं।
इसके विपरीत मीडिया जरूर चुनाव के वक्त भगवान राम को याद करती है। मैं मंदिर बनाने के लिए हर पल कारसेवा करने को तैयार हूं, लेकिन मंदिर कब बनेगा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से पूछिये। वह सक्षम व्यक्ति होने के साथ पीढिय़ों से राम भक्ति करने के कारण सही जवाब दे पाएंगे।
उमा भारती कल देर रात दिल्ली जाने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन जंक्शन पहुंची थीं। ट्रेन विलम्ब होने के कारण रेलवे के गेस्ट हाउस में रुकी। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देने के बजाय सवाल किया कि चुनाव के वक्त मीडिया को भगवान राम की याद क्यों आती है।
मीडिया लगातार राम मंदिर को मुद्दा बना रहा है, जबकि मेरे दिल में हमेशा भगवान राम बसे हैं। मैंने राम मंदिर के लिए कार सेवा की है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से अयोध्या चल कर कार सेवा करने का आह्वान किया। कहा कि मैं कई बार राम मंदिर मुद्दे पर अपना स्टैंड क्लियर कर चुकी हूं। राम मंदिर के लिए अध्यादेश लाने संबंधी सवाल पर कहा कि मैंने हमेशा राम जन्मभूमि आंदोलन में हिस्सा लिया है। राम मंदिर निर्माण को लेकर मेरे विचार सबको मालूम हैं। राम मंदिर मुद्दे पर सरकार और पार्टी को मुझे क्या सलाह देनी उसे मैं उचित फ्लेटफार्म पर ही उठाउंगी।