रक्षाबंधन पर्व पर जाम में जकड़ा रहा मिनी महानगर
रक्षाबंधन पर्व पर जाम में जकड़ा रहा मिनी महानगर
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : रक्षाबंधन पर्व पर मिनी महानगर जाम से जकड़ा रहा। सुबह से ही नगर में लगे भीषण जाम से लोग बिलबिला गए। चकिया तिराहे से सुभाष पार्क तक आने में लोगों को घंटेभर का समय लग जा रहा था। नगर के सभी मुख्य मार्गों पर सुबह से ही लगे जाम के बीच वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर जाम से निपटने को की गई तैयारी भी यहां शून्य दिखाई दी।
रक्षाबंधन पर्व पर सुबह से ही सड़कों पर वाहन व यात्रियों की तादाद बढ़ गई। हर कोई अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी में नजर आया। आदि स्थानों पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच अव्यवस्था का आलम रहा। नगर के सपा कार्यालय से सुभाष पार्क तक वाहनों की कतार लगी रही। हालांकि चकिया तिराहे पर बड़े वाहनों को रोक दिया जा रहा था। यातायात को काबू करने में जुटी पुलिस की हर कवायद भी यहां नाकाफी नजर आई। इसके अलावा बसों में पहले सवार होने को लेकर भी यात्रियों के बीच मारामारी का आलम रहा। डग्गामार वाहन चालकों ने मौके का फायदा उठाते हुए जमकर चांदी काटी। नगर के काली महाल, गल्लामंडी, परमार कटरा, नईसट्टी के पास चालक वाहनों को खड़ा करके सवारियों को भर रहे थे। बेतरतीब वाहनों के खड़ा होने से जाम का झाम लोगों को झेलना पड़ा।