क्षेत्र पंचायत सदस्यों की हो निधि, जीविकोपार्जन को मिले मानदेय
नौगढ़ (चंदौली) स्थानीय ब्लाक परिसर में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नौ सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली) : स्थानीय ब्लाक परिसर में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नौ सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक खंड विकास अधिकारी को सौंपा।
बीडीसी अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा देश में सांसद, विधायक व चुनकर आए जनप्रतिनिधियों को वेतन, पेंशन या मानदेय दिया जाता है लेकिन क्षेत्र पंचायत सदस्यों की उपेक्षा की जाती है। इन्हें आज तक कोई भी व्यवस्था नहीं दी गई है। वक्ताओं ने कहा प्रदेश में पंचायत राज व्यवस्था की परिकल्पना बिना क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पूर्ण नहीं हो सकती। अन्य जनप्रतिनिधियों की तरह सदस्यों को क्षेत्र के विकास के लिए अलग से निधि मिलनी चाहिए ताकि क्षेत्र में विकास कार्य किया जा सके। इसके साथ ही जीविकोपार्जन के लिए मानदेय की व्यवस्था की जानी चाहिए। क्षेत्र पंचायत की मीटिग में आने पर भत्ता दिया जाए। जनता संवाद के लिए न्याय पंचायत में एक कार्यालय की व्यवस्था हो। सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए। जनप्रतिनिधियों का 10 लाख का बीमा होना चाहिए। सरकार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांगों को अमल नहीं करती है तो ब्लाक, तहसील व जिला मुख्यालयों पर धरना होगा। सुजीत सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, विनोद, राजदेव, राम लखन, महेन्द्र, अमरनाथ, जमुना, छोटेलाल, संजय कुमार, मोहन लाल, वीरेंद्र मौजूद थे।