शारीरिक दूरी के साथ योग से रख रहे सेहत का ध्यान
शारीरिक दूरी के साथ योग से रख रहे सेहत का ध्यान
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : चंधासी स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में क्वारंटाइन किए गए दो सौ लोग अब स्वास्थ्य पर ध्यान रखने लगे हैं। उपजिलाधिकारी कुमार हर्ष की पहल पर लोग सुबह शाम योगाभ्यास कर रहे हैं। योग करते समय शारीरिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा है। बुधवार को एसडीएम ने आवश्यक सामानों की किट उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने लोगों में सामान का वितरण किया।
दरअसल कुछ दिन पूर्व दिल्ली से आए जनपद के 200 लोगों को विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय में क्वारंटाइन किया गया था। शुरूआत के दिनों में लोगों ने अधिकारियों को परेशान किया लेकिन अब व्यवस्था धीरे धीरे पटरी पर आने लगी है। टीवी पर रामायण और महाभारत दिखाया जा रहा है। अब योग के जरिए उनके सेहत पर भी ध्यान दिया जा रहा है। लोगों को सुबह शाम भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा बिस्किट के साथ चाय की चुस्की भी ले रहे हैं। योग गुरु प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम सहित अन्य योगाभ्यास कराया जा रहा है। उपजिलाधिकारी कुमार हर्ष ने बताया कि लोगों के खान-पान के साथ ही उनके सेहत पर भी ध्यान दिया जा रहा है। दैनिक उपयोग की चीजें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।