चंदौली के डबल मर्डर केस में खून लगे स्कार्पियो ने दी गवाही, चार संदिग्ध हिरासत में
चंदौली के डेढ़गांवा में दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। खून से सनी ...और पढ़ें

चौबेपुर में लावारिस मिली थी यह गाड़ी, गाजीपुर के संदिग्धों से पूछताछ जारी।
HighLights
खून से सनी स्कार्पियो-एन चौबेपुर से बरामद हुई।
गाजीपुर के चार संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी।
बाटी-मीट दावत में विवाद हत्या की वजह।
जागरण संवाददाता, बरहनी (चंदौली)। डेढ़गावां गांव के पास माइनर में बोरे में बंद मिले दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाली खून लगी स्कार्पियो-एन वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद की गई है। पुलिस ने गाजीपुर निवासी चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह और कानपुर निवासी सागर त्रिपाठी के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों के शवों को लगभग 28 किलोमीटर दूर डेढ़गांवा के पास माइनर में फेंका गया था। इसके बाद संदिग्ध वाहन चौबेपुर में छोड़कर फरार हो गए। वाहन की बरामदगी के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि 21 अक्टूबर की रात धानापुर थाना के नगवा मेढ़वा गांव में बाटी-मीट की दावत के दौरान शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। मृतक सागर की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। नगवा मेढ़वा निवासी रवि सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन, संदेशों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल कर रही। सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि संदिग्धों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही। स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी जांच में जुटी है। पुलिस हत्या की वजह और शवों को माइनर तक पहुंचाने में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
