विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में सड़क पर म‍िली महंगी मोबाइल को आधार कार्ड से खोज निकाला मालिक, पुलिसकर्मियों ने युवती को लौटाई

By Uday Nath Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 02:41 PM (IST)

चंदौली में पुलिसकर्मियों ने सड़क पर मिली 30 हजार रुपये की मोबाइल को आधार कार्ड की मदद से उसके मालिक ...और पढ़ें

चंदौली पुलिस की ईमानदारी: सड़क पर मिली महंगी मोबाइल आधार से मालिक को लौटाई।

चंदौली पुलिस की ईमानदारी: सड़क पर मिली महंगी मोबाइल आधार से मालिक को लौटाई।

HighLights

  1. पुलिसकर्मियों ने सड़क पर मिली मोबाइल सुरक्षित रखी।

  2. आधार कार्ड से मालिक आयुषी राज का पता लगाया।

  3. ईमानदारी से 30 हजार की मोबाइल वापस लौटाई।

जागरण संवाददाता, चंदौली। सड़क पर पड़ी 30 हजार रुपये कीमत की महंगी मोबाइल देखकर भी पुलिसकर्मियों की नीयत नहीं डगमगाई। उन्होंने मोबाइल को सुरक्षित अपने पास रखा और उसमें मिले आधार कार्ड की मदद से उसके वास्तविक मालिक का पता लगाकर मोबाइल वापस सौंप दी।पुलिसकर्मियों की इस ईमानदारी और मानवता की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली जंसो की मड़ई निवासी आयुषी राज की मोबाइल बुधवार को चंदौली में स्टेट हाईवे पर कहीं गिर गई थी। मोबाइल गुम होने के बाद युवती काफी परेशान हो गई। मोबाइल में जरूरी जानकारी और दस्तावेज होने के कारण उसकी चिंता और बढ़ गई थी।इसी दौरान स्टेट हाईवे से गुजर रहे पुलिसकर्मी सतेन्द्र यादव और धीरेन्द्र यादव की नजर सड़क पर पड़ी मोबाइल पर पड़ी।

दोनों ने मोबाइल को उठाकर सुरक्षित रखा।मोबाइल की जांच करने पर उसमें आधार कार्ड से संबंधित जानकारी मिली। पुलिसकर्मियों ने उसी जानकारी के आधार पर युवती से संपर्क करने का प्रयास किया।संपर्क होने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवती की पहचान सुनिश्चित की और उसे मोबाइल सौंप दी। करीब 30 हजार रुपये कीमत की मोबाइल वापस मिलते ही आयुषी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल मिलने पर उसने पुलिसकर्मियों और चंदौली पुलिस के प्रति आभार जताया।

आयुषी ने कहा कि आज के समय में ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं, जो किसी की कीमती वस्तु मिलने के बाद उसे ईमानदारी से उसके मालिक तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए उसकी खोई हुई मोबाइल वापस कराई है। उसने सतेन्द्र यादव और धीरेन्द्र यादव समेत चंदौली पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।पुलिसकर्मियों के इस कार्य की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने भी उनकी जमकर सराहना की।लोगों का कहना रहा कि वर्दी के साथ ईमानदारी और संवेदनशीलता का यह रूप पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को और मजबूत करता है।