चंदौली में बिहार के शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रेलर चढ़ाने का किया प्रयास, बैरिकेडिंग तोड़कर भागा चालक
चंदौली में शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रेलर चढ़ाने का प्रयास किया और बैरिकेडिंग तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ...और पढ़ें

चंदौली में पुलिस पर हमला कर भागे शराब तस्कर, ट्रेलर से भारी मात्रा में शराब बरामद।
HighLights
शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रेलर चढ़ाया।
बैरिकेडिंग तोड़कर चालक मौके से फरार हुआ।
ट्रेलर से कंबलों में छिपी शराब बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, चंदौली। शराब तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम की जान लेने से भी पीछे नहीं हटे। तस्करी कर ले जाए जा रहे शराब लदे ट्रेलर के चालक ने पुलिस की गाड़ी पर ट्रेलर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद बैरिकेडिंग तोड़ते हुए फरार हो गया। इस दौरान तीन थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए।
तलाशी के दौरान ट्रेलर में कंबलों के गठ्ठरों के बीच छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को शराब की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद तीन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रेलर को रोकने के लिए घेराबंदी की।
पुलिस की बैरिकेडिंग देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने ट्रेलर पुलिस की गाड़ी पर चढ़ाने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
इसके बाद चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए ट्रेलर लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ट्रेलर में कंबलों के गठ्ठरों के बीच छिपाकर रखी गई शराब का पता चला। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब को कंबलों के बीच छिपाया था।
चालक के फरार होने के बाद पुलिस ट्रेलर में लदी शराब की मात्रा, उसकी आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार,ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और उसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
