चंदौली में गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया, खतरा पूरी तरह से अभी टला नहीं
चंदौली में गंगा के जलस्तर में 24 घंटे में 13 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे तटीय क्षेत्रों ...और पढ़ें
HighLights
गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 13 सेंटीमीटर बढ़ा।
राजघाट वाराणसी पर जलस्तर 69.28 मीटर दर्ज हुआ।
चेतावनी बिंदु से 98 सेंटीमीटर नीचे, फिर भी निगरानी बढ़ी।
जागरण संवाददाता, चंदौली। गंगा के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ाव दर्ज किया गया है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के राजघाट वाराणसी गेज स्टेशन पर गुरुवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 69.28 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 13 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। हालांकि फिलहाल नदी का जलस्तर स्थिर बना हुआ है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण तटीय क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सीडब्ल्यूसी के अनुसार राजघाट पर गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 98 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं सर्वाधिक बाढ़ स्तर (एचएफएल) 73.901 मीटर है। बुधवार से गुरुवार के बीच 32.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जलस्तर में 13 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी से गंगा किनारे बसे गांवों में एक बार फिर चिंता बढ़ने लगी है।
हालांकि वर्तमान स्थिति में नदी खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी आने पर जलस्तर में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। तटवर्ती इलाकों में नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। पिछले दिनों जलस्तर में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन अब फिर बढ़ाव शुरू होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
