यूपी-बिहार के रेलवे स्टेशनों बच्च चोरी करने वाले गिरोह की महिला सदस्य पकड़ाई, सात माह से थी फरार
जीआरपी पीडीडीयू ने सात माह बाद बच्चा चोरी और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

यूपी-बिहार बच्चा चोरी गिरोह की महिला सदस्य गिरफ्तार, सात माह से थी फरार।
HighLights
बच्चा चोरी गिरोह की महिला सदस्य सात माह बाद गिरफ्तार।
यूपी-बिहार के स्टेशनों से बच्चों की चोरी स्वीकार की।
बच्चों को नशीली दवा देकर बिहार में बेचती थी।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। रेलवे स्टेशनों व भीड़भाड़ वाले इलाकों से बच्चों की चोरी कर खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह की महिला सदस्य को जीआरपी पीडीडीयू ने सात माह बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला की पहचान मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी खुशबू उर्फ खुशनसीबी खातून के रूप में हुई है।
वह जीआरपी पीडीडीयू थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रही थी। पुलिस ने उसे बुधवार की रात उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित महिला बच्चा चोरी और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह की सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में उसने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश व बिहार के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों से बच्चों को चोरी करने की बात स्वीकार की है।
चोरी किए गए बच्चों को बिहार ले जाकर जरूरतमंद लोगों को ऊंचे दाम पर बेचने की बात भी पुलिस को बताई। जीआरपी के मुताबिक गिरोह का तरीका बेहद शातिराना था। बच्चों को चोरी करने के बाद उन्हें नए कपड़े पहनाए जाते थे। इसके बाद नशीली दवा मिलाकर पेय पदार्थ पिलाया जाता था, जिससे बच्चा बेहोशी अथवा नींद की हालत में चला जाए। इसके बाद उसे आसानी से दूसरे स्थान पर ले जाकर बेच दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपित महिला के खिलाफ जीआरपी पीडीडीयू में मुकदमा विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
सात माह से पुलिस को दे रही थी चकमा
जीआरपी ने बताया कि आरोपित महिला मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रही थी। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को सूचना के आधार पर टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित सोनवर्षा शाह गांव में उसके घर के बाहर घेराबंदी की। रात करीब 9:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल रुपेश पांडेय व महिला कांस्टेबल रीमा भारतीय शामिल रहीं।
