किसानों पर मुकदमा दर्ज कराने पर जताई नाराजगी
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मिले। इस दौरान पराली जलाने पर किसानों पर मुकदमा दर्ज कराए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पराली निस्तारण के लिए इंतजाम करने की मांग की। चेताया कि यदि किसानों पर कार्रवाई नहीं रुकी तो सड़क पर उतर कर आंदोलन के लिए विवश होंगे।
जागरण संवाददाता, चंदौली : पूर्व सांसद रामकिशुन यादव बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मिले। पराली जलाने पर किसानों पर मुकदमा दर्ज कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पराली निस्तारण के लिए इंतजाम करने की मांग की। चेताया यदि किसानों पर कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन के लिए विवश होंगे।
पूर्व सांसद बोले, चंदौली कृषि प्रधान जनपद है। यहां खेती-किसानी ही लोगों की आय का मुख्य जरिया है। धान के उत्पादन के लिए ही जनपद पूरे देश में विख्यात है। किसान सिचाई, बिजली, खाद व बीज की समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं अब पराली जलाने को लेकर हुए प्रतिबंध से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। कहा रबी फसल की बोआई का सीजन शुरू हो गया है। खेत में पड़ी पराली को जलाने के अलावा किसानों के पास कोई विकल्प नहीं है। जिला प्रशासन मनरेगा के तहत पराली को एकत्र कराकर निराश्रित पशु आश्रय स्थलों में भेज दें तो किसानों की समस्या खत्म हो जाएगी। अधिकारी अपनी गर्दन बचाने के लिए किसानों के ऊपर मुकदमा दर्ज करा रहे हैं। इसका निदान ढूंढा जाना चाहिए। चेताया यदि किसानों पर मुकदमा दर्ज कराने का सिलसिला नहीं थमा तो किसानों के साथ सड़क पर उतरेंगे।