ईओ, बीडीओ, एक्सईएन व पीओ डूडा का काटा वेतन
सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों व कर्मचारियों को 10 बजे पहुंचने का समय मुकर्रर किया गया है। इसके बावजूद अधिकारी अपने पुराने ढर्रे पर देखे जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर(चंदौली) : सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों व कर्मचारियों को 10 बजे पहुंचने का समय मुकर्रर किया गया है। इसके बावजूद अधिकारी अपने पुराने ढर्रे पर देखे जा रहे हैं। अधिकारियों के समय से दफ्तर पहुंचने की हकीकत जानने के लिए गुरुवार को उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय, विद्युत कार्यालय व नियामताबाद ब्लाक पहुंचे। यहां अधिकारियों को न मिलने पर उन्होंने आक्रोश व्यक्त किया। एसडीएम ने ईओ, बीडीओ, एक्सईएन विद्युत व परियोजना अधिकारी डूडा के एक दिन का वेतन काटने की बात कही। इसके अलावा अधिकारियों से स्पष्टीकरण की भी मांग की गई है।
सुबह 10 बजे एसडीएम अचानक पालिका कार्यालय आ धमके। एसडीएम को देखकर कर्मचारियों में खलबली मच गई। कार्यालय में अधिशासी अधिकारी व परियोजना अधिकारी डूडा गायब मिले। अधिकारियों के न मिलने पर एसडीएम नाराज हो गए। यहां उन्होंने कार्यालय में साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद एसडीएम विद्युत कार्यालय पहुंचे। यहां एक्सईएन गायब मिले। इसके अलावा एसडीएम ने नियामताबाद ब्लाक भी पहुंचे। यहां भी खंड विकास अधिकारी कार्यालय से गायब मिले। एसडीएम आनंद वर्धन ने बताया कि अधिकारियों के गायब होने के बाबत स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं अधिकारियों के एक दिन का वेतन भी काटने की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले से डीएम को अवगत कराया जाएगा। एसडीएम के अचानक निरीक्षण करने से अधिकारियों में खलबली मची रही।