वृक्षों की हरियाली से लहलहाएगा धान का कटोरा
धान के कटोरे में वृक्षों की फसल लहलहाएगी। मानसून सत्र में जिले में 29.69 लाख पौधे रोपे जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक ही दिन में 14.
जागरण संवाददाता, चंदौली : धान का कटोरा वृक्षों की हरियाली से लहलहाएगा। मानसून सत्र में जिले में 29.69 लाख पौधे रोपे जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक ही दिन में 14.84 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। सरकारी विभागों को पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित कर दिया गया है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में बैठक की। उन्होंने विभागाध्यक्षों को हर हाल में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कहा कि 26 विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें वन विभाग को 1045506, ग्राम्य विकास को 1247800, राजस्व 124780, पंचायती राज 124780, आवास-विकास 5680, औद्योगिक विकास 5300, नगर विकास 20944, लोक निर्माण 24714, सिचाई 26600, रेशम 5308, कृषि 40003, पशुपालन 6650, सहकारिता 5000, उद्योग 6943, विद्युत 5320, माध्यमिक शिक्षा 49912, बेसिक शिक्षा 49912, प्राविधिक शिक्षा 9762, उच्च शिक्षा 9762, श्रम विभाग 1789, स्वास्थ्य 10649, परिवहन 1680, रेलवे 6652, रक्षा 3378, उद्यान 124772, पुलिस विभाग को 5680 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। विभाग पौधरोपण के लिए स्थान का चयन कर गड्ढे की खोदाई आदि का काम करा ले। इसकी फोटोग्राफी भी कराई जाए ताकि तैयारियों के बाबत सूचना शासन को भेजी जा सके। जिले में पंजीकृत प्रत्येक किसान से 10 पौधे लगवाए जाएंगे। किसानों को ब्लाक से मुफ्त पौधा दिया जाएगा। 30 जून 2019 तक शत-प्रतिशत गड्ढों की खोदाई का काम पूरा कर लिया जाए। वहीं 15 जुलाई तक 15 प्रतिशत, 31 तक 40 प्रतिशत, 15 अगस्त को 65 प्रतिशत व 31 अगस्त तक शत प्रतिशत पौधरोपण का कार्य पूर्ण करना होगा। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। इसमें सुस्ती पाए जाने पर कार्रवाई तय है। सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, डीएफओ मनोज खरे, सीएमओ डा. आरके मिश्रा, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, डीपीआरओ उमाशंकर मिश्रा, उद्यान अधिकारी नन्हेलाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप