सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की ओर से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी बच्चालाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जागरण संवाददाता, चंदौली : उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की ओर से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी बच्चालाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सकलडीहा के प्रशासनिक अधिकारी शिवशंकर व कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक सुरेंद्र कुमार के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें विदाई दी गई। स्मृति चिह्न व माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया गया।
एडीएम ने कहा कि कर्मचारियों की पहचान उनके कार्य से होती है। ऐसे में सभी लोग नए वर्ष के प्रथम दिन कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लें। बगैर किसी संकल्प के कोई भी काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा नहीं किया जा सकता है। कलेक्ट्रेट में तैनात कर्मचारी एक परिवार की तरह से कार्य करें। इससे फरियादियों को त्वरित न्याय मिलने के साथ ही विभागीय कार्य भी ठीक ढंग से संपादित होंगे। संगठन के जिलाध्यक्ष जफर अहमद ने कहा नव वर्ष पर सभी कर्मी अपने दायित्वों का ठीक ढंग से निर्वहन करने का संकल्प लें। प्रशासनिक अधिकारी रामप्रसाद ने कहा कलेक्ट्रेट में तैनात होने वाले कर्मचारी पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सभी लोग एकजुट होकर एक-दूसरे के सहयोग से कार्य को बेहतर ढंग से पूर्ण करें, ताकि अधिकारियों का विश्वास कायम रहे। श्रवण कुमार, आनंद कुमार, कृष्ण कुमार, पूनम दुबे, कृष्ण मोहन, अमित कुमार, रोहित सिंह, चंद्रकांत उपस्थित थे।