विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रामीण क्षेत्र में अब 25 दिन में बुक होगा घरेलू गैस का सिलिंडर, केंद्रों को चंदौली में आ गया सरकारी न‍िर्देश

By Uday Nath Shukla Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 07 Sep 2026 06:52 PM (IST)

ग्रामीण क्षेत्रों में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन के बजाय 25 दिन बाद की जा सकेगी। पेट्रोलियम ...और पढ़ें

ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत, अब 25 दिन में मिलेगा अगला गैस सिलेंडर।

ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत, अब 25 दिन में मिलेगा अगला गैस सिलेंडर।

HighLights

  1. ग्रामीण एलपीजी बुकिंग अंतराल 45 से 25 दिन हुआ।

  2. पेट्रोलियम मंत्रालय ने आपूर्ति सुधार पर लिया निर्णय।

  3. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अब समान बुकिंग अवधि।

जागरण संवाददाता, चंदौली। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। ग्रामीण क्षेत्र में अब 45 दिन के बजाय 25 दिन बाद अगला गैस सिलिंडर बुक कराया जा सकेगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल समान कर दिया है। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश तेल विपणन कंपनियों को दिया गया है।

मंत्रालय की ओर से सोमवार को इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल), भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकों को निर्देश जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि वर्तमान में एलपीजी की आपूर्ति स्थिति में सुधार हुआ है। रिफिल के लंबित मामलों में भी काफी कमी आई है।

इसे देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लिए निर्धारित 45 दिन के अंतराल को समाप्त कर दिया गया है। फरवरी में पश्चिमी देशों से जुड़े संघर्ष के दौरान एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया था। मांग प्रबंधन के लिए उस समय शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था। अब आपूर्ति स्थिति में सुधार होने के बाद मंत्रालय ने रिफिल बुकिंग की व्यवस्था में बदलाव किया है।

नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता पहले की तुलना में 20 दिन पहले अगला गैस सिलिंडर बुक करा सकेंगे। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का अंतराल रहेगा। तेल विपणन कंपनियों को संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।