मायके जा रही महिला की बाइक से गिरकर मौत
जागरण संवाददाता बरहनी (चंदौली) कंदवा थाना के सैयदराजा जमानिया मार्ग पर कंजेहरा गांव के
जागरण संवाददाता, बरहनी (चंदौली) : कंदवा थाना के सैयदराजा जमानिया मार्ग पर कंजेहरा गांव के समीप मंगलवार की दोपहर बाइक से गिरने ते रूबी सिंह (34) गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं भतीजा बलवंत (26) को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने इलाज को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को ससुराल वालों की सहमति से पंचायतनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
गाजीपुर जिला के दिलदारनगर महुरां गांव निवासी सुरेश सिंह की बहन रूबी की शादी सकलडीहा के दुर्गापुर गांव में मनोज सिंह से हुई थी। दोपहर में भतीजा बलवंत सिंह अपनी बुआ को बाइक पर बैठाकर दुर्गापुर से महुरां के लिए चला। वह सैयदराजा जमानिया मार्ग पर कंजेहरा गांव के समीप पहुंचा ही था कि अचानक रूबी सिंह बाइक से अचेत होकर गिर गई। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना से भतीजा बदहवास हो गया। पुलिस की सहायता से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी विद्यासागर प्रसाद ने कहा ससुराल व मायके पक्ष की सहमति पर पंचायतनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया।